USA Dream Turns Into a Debt Trap: Why Young Indian Graduates in the US Are Struggling Financially


Personal Finance

USA जाकर पढ़ाई करना और डॉलर में कमाई करना आज भी लाखों भारतीय युवाओं का सपना है। माना जाता है कि अमेरिका की डिग्री हासिल करने के बाद अच्छी नौकरी मिल जाएगी, कुछ सालों में एजुकेशन लोन चुक जाएगा और फिर कमाई से अच्छी-खासी संपत्ति बनाई जा सकेगी। लेकिन अब यह पुराना फॉर्मूला कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने वाले भारतीय युवाओं के सामने अब सिर्फ नौकरी पाने की चुनौती नहीं है, बल्कि नौकरी मिलने के बाद भी आर्थिक रूप से स्थिर होना मुश्किल होता जा रहा है। महंगाई, सीमित सैलरी ग्रोथ, छंटनी का खतरा और वीजा से जुड़ी अनिश्चितता उनके आर्थिक भविष्य पर दबाव बढ़ा रही है।

USA

इसी वजह से अमेरिका का ‘American Dream’ कुछ युवाओं के लिए आर्थिक तनाव और कर्ज के जाल में बदलता नजर आ रहा है।

नौकरी की अनिश्चितता और बढ़ता खर्च बिगाड़ रहे हैं बजट

अमेरिका में आज के युवा ग्रेजुएट्स के सामने नौकरी का बाजार पहले जितना आसान नहीं रह गया है। अच्छी सैलरी वाली नौकरी मिलने को लेकर अनिश्चितता है। वहीं, जिन युवाओं को नौकरी मिल भी जाती है, उनकी सैलरी में बढ़ोतरी की रफ्तार पहले के मुकाबले कमजोर है। दूसरी तरफ, घर का किराया, बिजली, ट्रांसपोर्ट, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजमर्रा की जरूरतों पर खर्च लगातार वित्तीय दबाव पैदा कर रहा है। ऐसे में कई युवा अपने जरूरी खर्च पूरे करने के लिए क्रेडिट कार्ड का सहारा लेने को मजबूर हैं। इससे उनकी देनदारियां बढ़ती हैं और घर खरीदने या लंबी अवधि के निवेश जैसे लक्ष्य पीछे छूट जाते हैं।

भारतीय छात्रों के लिए क्यों ज्यादा मुश्किल है स्थिति?

भारतीय छात्रों के अमेरिका जाने का एक सामान्य आर्थिक मॉडल रहा है। भारत में एजुकेशन लोन लेकर मास्टर्स की पढ़ाई करना, फिर अमेरिका में डॉलर में नौकरी हासिल करना और 2-3 साल के भीतर एजुकेशन लोन चुकाना।

इस दौरान छात्र OPT यानी Optional Practical Training के समय का इस्तेमाल नौकरी हासिल करने और आर्थिक रूप से स्थिर होने के लिए करते हैं। लेकिन अब इस मॉडल के सामने कई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। पहली चुनौती एजुकेशन लोन की है। भारत में लिया गया रुपये का लोन अक्सर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी बन जाता है। कई मामलों में माता-पिता गारंटर होते हैं और परिवार की संपत्ति लोन के लिए गिरवी रखी जाती है। दूसरी चुनौती ब्याज की है। एजुकेशन लोन पर आमतौर पर 9-12 महीने का मोरेटोरियम मिलता है। इस दौरान EMI शुरू नहीं होती, लेकिन ब्याज जमा होता रहता है। यानी नौकरी शुरू होने से पहले ही कर्ज का बोझ बढ़ सकता है।तीसरी चुनौती अमेरिका में नौकरी और वीजा की अनिश्चितता है। OPT और स्टूडेंट वीजा से जुड़े नियमों में बदलाव के कारण छात्रों के लिए नौकरी तलाशने का समय और विकल्प सीमित हो सकते हैं। ऐसे में अच्छी सैलरी वाली नौकरी मिलने में देरी उनके लिए महंगी साबित हो सकती है।

अमेरिकी युवाओं और भारतीय छात्रों के बीच बड़ा अंतर

अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने वाले स्थानीय युवाओं और भारतीय छात्रों के सामने नौकरी की चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन दोनों की आर्थिक स्थिति एक जैसी नहीं है। अमेरिकी नागरिकों के पास अलग-अलग क्षेत्रों में नौकरी तलाशने की ज्यादा स्वतंत्रता होती है। उनकी नौकरी का विषय से जुड़ा होना जरूरी नहीं होता, जबकि भारतीय छात्रों के लिए इमिग्रेशन नियमों के कारण रोजगार के विकल्प सीमित हो सकते हैं। इसके अलावा, अमेरिका में एजुकेशन लोन की रीपेमेंट व्यवस्था भी आय के स्तर के अनुसार कुछ राहत दे सकती है। वहीं, भारत से लिया गया एजुकेशन लोन परिवार पर एक निश्चित वित्तीय जिम्मेदारी बनकर रहता है। इसका मतलब है कि भारतीय छात्रों को अमेरिका में नौकरी मिलने के बाद भी सबसे पहले अपने पुराने कर्ज की चिंता करनी पड़ती है।

डॉलर में कमाई के बावजूद संपत्ति बनाना क्यों मुश्किल?

पहले भारतीय युवाओं के लिए अमेरिका जाने का एक बड़ा आकर्षण यह था कि डॉलर में कमाई करके कुछ वर्षों में भारत में लिए गए एजुकेशन लोन को चुकाया जा सकता था। लेकिन आज की स्थिति में नौकरी मिलने के बाद भी कई खर्च ऐसे हैं जिन्हें टालना आसान नहीं है। किराया, कार, बीमा और रोजमर्रा के खर्चों के बाद बचत सीमित रह जाती है। इसके अलावा, भारत में परिवार को पैसे भेजने की जिम्मेदारी भी कई युवाओं पर होती है। ऐसे में उनकी कमाई का एक हिस्सा कर्ज चुकाने और परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में चला जाता है। नतीजा यह होता है कि घर खरीदने, रिटायरमेंट के लिए निवेश करने और लंबी अवधि की संपत्ति बनाने जैसे लक्ष्य आगे बढ़ते जाते हैं।

आज के युवाओं की चुनौती बड़ी

इस पूरे बदलाव को समझने के लिए अमेरिका की पुरानी और नई पीढ़ी के आर्थिक हालात की तुलना करना जरूरी है। पहले की पीढ़ी के लिए शिक्षा का खर्च उनकी भविष्य की कमाई के मुकाबले कम था। महंगाई का दबाव अपेक्षाकृत कम था और सैलरी में बढ़ोतरी की संभावनाएं बेहतर थीं। इस वजह से वे करियर के शुरुआती वर्षों में ही घर खरीदने और रिटायरमेंट के लिए बचत शुरू कर पाते थे। इसके उलट, आज के युवा ज्यादा अनिश्चित नौकरी बाजार, महंगे जीवनयापन और सीमित आय वृद्धि का सामना कर रहे हैं। उनके ऊपर एजुकेशन, कार और पर्सनल लोन का बोझ भी है, लेकिन इन कर्जों से ऐसी संपत्ति नहीं बनती जो भविष्य में आर्थिक सुरक्षा दे सके। यह विश्लेषण Centre for Investment Education and Learning की चेयरपर्सन Uma Shashikant ने अपने लेख में किया है।

कुल मिलाकर, अमेरिका में पढ़ाई और नौकरी का सपना अब सिर्फ डॉलर में कमाई तक सीमित नहीं रह गया है। भारतीय छात्रों को विदेश जाने से पहले एजुकेशन लोन, संभावित सैलरी, रहने का खर्च, वीजा की अनिश्चितता और परिवार की वित्तीय जिम्मेदारियों को भी ध्यान में रखना होगा। क्योंकि अमेरिका में अच्छी नौकरी मिलना और आर्थिक रूप से संपन्न बनना अब दो अलग-अलग बातें होती जा रही हैं।



Leave a Comment