Health
oi-Staff
Early Signs Of Ovarian Cancer: ओवेरियन कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे खतरनाक कैंसर में से एक है। यह भारतीय महिलाओं में होने वाला तीसरा सबसे आम कैंसर है। ओवेरियन कैंसर तब होता है, जब ओवरी (अंडाशय) में कोशिकाएं असामान्य रूप से विभाजित होने लगती हैं। ये कोशिकाएं काफी तेजी से फैलने लगती हैं और ट्यूमर का रूप ले लेती हैं, जो आगे चलकर कैंसर का रूप ले लेता है। अगर समय पर इलाज शुरू न किया जाए, तो यह धीरे-धीरे शरीर के बाकी अंगों में भी फैल सकता है। हालांकि, समय पर इस कैंसर का पता चलने पर इसका इलाज संभव है।

ओवेरियन कैंसर की शुरुआत होने पर शरीर में कई तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। लेकिन ये लक्षण इतने सामान्य होते हैं कि अधिकतर महिलाएं इनकी पहचान नहीं कर पाती हैं। यही वजह है कि ओवेरियन कैंसर के अधिकतर मामले एडवांस स्टेज में जाकर पता चल पाते हैं। ऐसे में, समय पर इलाज न मिलने से रोगी की मृत्यु भी हो सकती है। हर साल 8 मई को विश्व ओवेरियन कैंसर दिवस (World Ovarian Cancer 2026) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य दुनिया भर के लोगों को ओवेरियन कैंसर के बारे में जागरूक करना है। आज इस लेख में नई दिल्ली स्थित फोर्टिस अस्पताल की निदेशक (प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान), डॉ उमा वैद्यनाथन से जानते हैं ओवेरियन कैंसर के शुरुआती लक्षणों के बारे में –
पेट के निचले हिस्से में दर्द और सूजन
ओवेरियन कैंसर होने पर पेट के निचले हिस्से में दर्द और सूजन की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, कुछ महिलाओं को पेल्विक हिस्से में ऐंठन का अनुभव भी हो सकता है। अगर आपको लंबे समय से इस तरह की परेशानी महसूस हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से मिलकर जांच करवाएं।
बार-बार पेशाब आना
बार-बार पेशाब आना भी ओवेरियन कैंसर का संकेत हो सकता है। इसके अलावा, कुछ महिलाओं को पेशाब के दौरान दर्द और जलन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। अगर आपको ऐसे संकेत नजर आ रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
मासिक धर्म में अनियमितता
ओवेरियन कैंसर होने की स्थिति में मासिक धर्म में अनियमितता की परेशानी हो सकती है। अगर आपको समय पर पीरियड्स नहीं आते हैं या पीरियड्स के दौरान काफी ज्यादा दर्द और हैवी ब्लीडिंग की समस्या होती है, तो आपको तुरंत किसी स्त्री रोग विषेशज्ञ से संपर्क करना चाहिए।
भूख कम लगना और वजन घटना
अगर कम खाने के बावजूद आपको पेट भरा हुआ महसूस होता है, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह ओवेरियन कैंसर का संकेत हो सकता है। दरअसल, ओवेरियन कैंसर आपकी आंतों को भी प्रभावित करता है, जिससे भूख में कमी या खाने में कठिनाई जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। ओवेरियन कैंसर से पीड़ित महिलाओं का वजन भी तेजी से कम होने लगता है।
अत्यधिक थकान और कमजोरी
अत्यधिक थकान और कमजोरी महसूस होना भी ओवेरियन कैंसर का संकेत हो सकता है। अगर सही खानपान और पर्याप्त आराम के बावजूद आपको हर समय थकान और कमजोरी का अनुभव होता है, तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्वास्थ्य प्रदात्ता से सलाह लें।
Story first published: Friday, May 8, 2026, 10:16 [IST]