Wrestling:मंगोलिया में भारतीय पहलवानों का दमदार प्रदर्शन, मनीषा और नेहा ने जीते गोल्ड – Indian Wrestlers Manisha, Neha Clinch Gold In Mongolia Know


मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में आयोजित उलानबटार ओपन रैंकिंग सीरीज में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक चार स्वर्ण और दो कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। महिला वर्ग में मनीषा और नेहा ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया, जबकि ग्रीको-रोमन शैली में भी भारतीय पहलवानों ने दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया।

महिला वर्ग में मनीषा और नेहा का स्वर्णिम प्रदर्शन

57 किलोग्राम भार वर्ग में मनीषा ने डीपीआर कोरिया (उत्तर कोरिया) की सिम सोन को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 59 किलोग्राम वर्ग में नेहा ने डीपीआर कोरिया की प्योल होंग को 5-3 से मात देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा, 50 किलोग्राम वर्ग में नीलम ने कजाखस्तान की माराल तंगिरबेर्गेनोवा को 10-0 के तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराकर कांस्य पदक जीता।

ग्रीको-रोमन में भी भारत का जलवा


  • ग्रीको-रोमन स्पर्धा में भारत ने दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता।

  • सुनील ने 87 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अजाद सालिदीनोव को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

  • नितेश ने 97 किलोग्राम वर्ग में नुरासिल अमानाली को 13-9 से शिकस्त देकर गोल्ड अपने नाम किया।

  • सुमित ने 60 किलोग्राम वर्ग में अपने ही साथी पहलवान साहिल को 5-0 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।

पदक तालिका में भारत की मजबूत स्थिति

भारतीय दल अब तक कुल छह पदक (चार स्वर्ण और दो कांस्य) जीत चुका है और पदक तालिका में मजबूत स्थिति में बना हुआ है। ग्रीको-रोमन टीम ने अपना अभियान समाप्त कर लिया है, जबकि महिला वर्ग के शेष मुकाबले और पुरुष फ्रीस्टाइल स्पर्धाएं शनिवार से शुरू होंगी।

डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने जताई खुशी

भारतीय पहलवानों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा, ‘मनीषा और नेहा का प्रदर्शन तथा ग्रीको-रोमन पहलवानों द्वारा जीते गए तीन पदक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिस्पर्धी ताकत को दर्शाते हैं। डीपीआर कोरिया और कजाखस्तान जैसे मजबूत देशों के खिलाफ स्वर्ण पदक जीतना हमारी तैयारियों की गुणवत्ता को साबित करता है। यह सफलता टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों के लिए टीम का मनोबल बढ़ाएगी।’


Leave a Comment