अग्निवीरों को नौकरी की गारंटी, सेना के बाद इन 50 सेक्टरों में रोजगार; कब से शुरू, Uttarakhand Hindi News


Job Guarantee for Agniveer: उत्तराखंड की भाजपा सरकार अग्निवीरों के लिए 100 प्रतिशत प्लेसमेंट योजना लेकर आई है। सेना में चार साल सेवा के बाद 50 सेक्टरों में रोजगार का इंतजाम किया जाएगा।

Job Guarantee for Agniveer: सेना में चार साल की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों के लिए धामी सरकार ने रोजगार का रोडमैप तैयार कर लिया है। 50 से अधिक सेक्टरों में रोजगार का इंतजाम किया जाएगा। इनमें आपदा प्रबंधन, पर्यटन, होटल उद्योग, सुरक्षा सेवाएं, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण, आधारभूत संरचना, कृषि, खेल समेत कई सेवा क्षेत्र शामिल हैं।

प्रस्तावित अग्निवीर रोजगार सेल (एआरसी) सिर्फ नौकरी दिलाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अग्निवीरों के सैन्य अनुभव, कौशल और रुचि के आधार पर उनको बाजार की जरूरतों के मुताबिक तैयार करेगा। सोमवार को प्रेस क्लब में राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष और यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) ने इसकी विस्तृत कार्ययोजना साझा की। उन्होंने बताया कि रोजगार सेल सबसे पहले हर अग्निवीर की रुचि, योग्यता और सेना में अर्जित अनुभव का आकलन करेगा। इसके बाद उनको सरकारी विभाग, सार्वजनिक उपक्रम और कॉरपोरेट सेक्टर में उपलब्ध अवसरों से जोड़ा जाएगा। जिन क्षेत्रों में अतिरिक्त दक्षता की जरूरत होगी, वहां अल्पकालिक कैप्सूल कोर्स चलाए जाएंगे।

इन सेक्टरों से जोड़ने की तैयारी

अब तक 50 से अधिक रोजगार क्षेत्रों की पहचान की जा चुकी है। इनमें आपदा प्रबंधन, पर्यटन, होटल उद्योग, सुरक्षा सेवाएं, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण, आधारभूत संरचना, कृषि, खेल समेत कई सेवा क्षेत्र शामिल हैं। सेना में मिला अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी प्रशिक्षण इन क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया जा सकता है।

राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) ने कहा कि सरकार पहले ही अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान कर चुकी है। अब रोजगार सेल के जरिए निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर विकसित किए जाएंगे।

सीएम ने की थी रोजगार सेल की घोषणा

मुख्यमंत्री धामी ने 17 जुलाई को दून के कुआंवाला में आयोजित युवा अग्निवीर संवाद कार्यक्रम में अग्निवीर रोजगार सेल गठित करने की घोषणा की थी। कर्नल अजय कोठियाल के अनुसार, सरकार अब इस घोषणा को प्राथमिकता के साथ अमल में ला रही है। उनको इस सेल के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी मिली है।

100% रोजगार उपलब्ध कराने का दावा

कोठियाल ने बताया कि अग्निवीर रोजगार सेल सीएम कार्यालय की निगरानी में काम करेगा, जिससे विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनेगा, निर्णय प्रक्रिया तेज होगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार का लक्ष्य अग्निवीरों को 100 फीसदी रोजगार उपलब्ध कराना है। कर्नल कोठियाल के मुताबिक, 31 दिसंबर को 1200 अग्निवीरों का पहला बैच चार साल की सेवा पूरी कर वापस लौटेगा। सरकार की कोशिश है कि उससे पहले रोजगार सेल पूरी तरह सक्रिय हो जाए, ताकि घर लौटने वाले अग्निवीरों को बिना देरी रोजगार और कौशल उन्नयन की सुविधा मिल सके।



Leave a Comment