राजस्थान पुलिस ने मैहर से 2 साइबर ठग पकड़े (Etv Bharat)
मैहर : वीडियो कॉल के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और 20 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपियों को मैहर से गिरफ्तार किया गया है. राजस्थान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के मैहर से इन साइबर अपराधियों को पकड़ा है. आरोपियों ने वॉट्सएप वीडियो कॉलिंग के जरिए युवक के अश्लील वीडियो बनाए थे और एक महिला के द्वारा उसे ब्लैकमेल कराया था. इसके बाद उससे पैसों की डिमांड की गई, लेकिन पैसे नहीं होने पर युवक से कुछ ऐसा करवाया गया, जो उसने सोचा नहीं था.
अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल और फर्जी बैंक अकाउंट
मामला मैहर जिले के डेल्हा गांव का है, जहां दो युवकों द्वारा ऑनलाइन वीडियो कॉल के माध्यम से एक युवक को जाल में फंसाया गया. इस दौरान युवक का नग्न अवस्था का वीडियो बना लिया जाता है और फिर एक महिला द्वारा उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया जाता है. युवक के वीडियो को वायरल करने की धमकी देते हुए उससे पैसों की मांग की जाती है, लेकिन युवक के पास इतने पैसे नहीं होते. जिसके बाद साइबर ठग उससे कहते हैं कि बचने के लिए उसे एक अज्ञात व्यक्ति का बैंक अकाउंट खोलना होगा. इसके बाद साइबर अपराधी इसी बैंक अकाउंट में एक साइबर ठगी के 20 लाख ट्रांसफर कराते हैं.

पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी (Etv Bharat)
राजस्थान से मैहर पहुंची पुलिस, किया गिरफ्तार
इसी बीच राजस्थान पुलिस को 20 लाख रु की साइबर ठगी की जानकारी मिली, जिसकी जांच करते हुए पुलिस मध्य प्रदेश के मैहर पहुंची. यहां मैहर थाना क्षेत्र के डेल्हा गांव से दो युवकों को पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ ले गई. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई राजस्थान में दर्ज एक साइबर फ्रॉड केस के संबंध में की गई है. आरोप हैं कि मैहर के इन दो आरोपियों ने अश्लील वीडियो बनाकर जिस युवक को ब्लैकमेल किया था, उसी के खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर की थी, जिसके बाद पुलिस ने मैहर से इन दो आरोपियों को खोज निकाला.
यह भी पढ़ें-
राजस्थान की महिला से ठगे 20 लाख
जांच में ये भी सामने आया है कि युवक का अश्लील वीडियो बनाकर साइबर अपराधियों ने उससे जो बैंक अकाउंट खुलवाया था, उसमें राजस्थान की एक महिला से की गई ठगी का पैसा भेजा गया था. महिला को एक मामले में 20 लाख रु का मुआवजा मिला था, जिसे साइबर अपराधियों ने जाल बिछाकर ठग लिया था.