सोबन सिंह गुसांई, देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में पुलिस विभाग के विभिन्न रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों और पुलिस इकाइयों से खाली पदों का अद्यतन ब्यौरा मांगा गया है।
माना जा रहा है कि रिक्तियों का अंतिम आंकड़ा मिलने के बाद भर्ती प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाएगा और चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस मुख्यालय सभी जनपदों, पीएसी, आइआरबी और अन्य शाखाओं में स्वीकृत एवं रिक्त पदों का मिलान कर रहा है। कांस्टेबल के अलावा हेड कांस्टेबल, उपनिरीक्षक तथा अन्य संवर्गों के रिक्त पदों का भी आकलन किया जा रहा है। रिक्तियों का विवरण मिलने के बाद पुलिस विभाग भर्ती एजेंसी के माध्यम से अधियाचन भेजने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
बता दें कि नवंबर 2024 में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पुलिस कांस्टेबल के 2000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इनमें 1600 पद जिला पुलिस कांस्टेबल और 400 पद पीएसी व आइआरबी के लिए थे। इस भर्ती में बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया था और चयन प्रक्रिया पूरी की गई। मौजूदा समय में यह बैच प्रशिक्षण ले रहा है, जोकि जल्द ही ड्यूटी संभालेगा।
नई भर्ती होने से यातायात के साथ-साथ कानून-व्यवस्था में भी सुधार आएगा। विभाग के पास सबसे अधिक रिक्तियां कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल की हैं। हाल यह है कि जिस तरह से अपराध बढ़ रहा है, उस हिसाब से थाना-चौकियों में चीता की संख्या आधी रह गई है।
पुलिस विभाग में नई भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी जिलों से खाली पड़े पदों का पूरा ब्यौरा मांगा गया है। कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर तक कितने पद खाली हैं, इसका वास्तविक पता पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही लग सकेगा।
सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक, क्रामिक