राज्य ब्यूरो, देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार रोजगार के मोर्चे पर बड़ा दांव खेलने जा रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) दिसंबर से पहले विभिन्न विभागों में 2477 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके साथ ही पहले से आवेदन प्राप्त 1470 पदों की लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक कराने की तैयारी है। ऐसे में वर्ष के अंत तक करीब चार हजार सरकारी पदों की भर्ती प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंच जाएगी।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि दिसंबर से पहले 2477 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इनमें स्केलर, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग के पद, पुलिस, आबकारी एवं परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद, संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक तथा सहायक विकास अधिकारी सहित विभिन्न श्रेणियों के पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इसके समानांतर जिन 1470 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, उनकी लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक आयोजित कर ली जाएंगी। इनमें वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, विभिन्न तकनीकी पद, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पद तथा विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पद शामिल हैं।
प्रदेश सरकार पहले दिन से ही बेरोजगारी की समस्या को समाप्त करने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में अभियान चलाकर रिक्त पदों को भरने का काम किया है। विगत वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी मिल चुकी है। आने वाले महीनों में भी विभिन्न विभागों में हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और राज्य के विकास को गति मिले।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड