कर्नाटक में आखिर एक दिन पहले कैसे रद्द हो गई एग्रीकल्चर ऑफिसर भर्ती परीक्षा? ये है वज‍ह  – karnataka agriculture exam postponed student protest no paperleak edmm


कर्नाटक में कृषि विभाग के तहत 128 कृषि अधिकारी (AO) और 817 सहायक कृषि अधिकारी (AAO) के पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा को 8 और 9 अगस्त को आयोजित होने से ठीक एक दिन पहले टाल दिया गया है. अचानक हुए इस फैसले के बाद छात्रों में खलबली मच गई, लेकिन यह फैसला किसी पेपर लीक या प्रशासनिक गड़बड़ी की वजह से नहीं, बल्कि कृषि की पढ़ाई कर रहे छात्रों के उग्र विरोध प्रदर्शन के कारण लिया गया है.

क्यों भड़का विवाद? 

विवाद की मुख्य वजह भर्ती नियम और उसमें तय किया गया ‘इलिजिबिलिटी क्राइटेरिया’ (पात्रता मानदंड) है. दरअसल, सरकार ने इस भर्ती प्रक्रिया में कृषि स्नातकों (B.Sc Agriculture) के अलावा अन्य ग्रेजुएट स्ट्रीम के छात्रों को भी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी थी. कृषि छात्र इसी बात का पुरजोर विरोध कर रहे थे. उनका तर्क था कि कृषि अधिकारी के तकनीकी पदों पर केवल कृषि बैकग्राउंड के छात्रों का ही अधिकार होना चाहिए.

सड़क पर उतरे छात्र, बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में दिया धरना

परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर छात्रों ने अपना आंदोलन तेज कर दिया था. 4 अगस्त को उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और मंत्री प्रियंक खरगे ने गांधी कृषि विज्ञान केंद्र (GKVK) पहुंचकर प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात की थी और भरोसा दिया था कि मामले की समीक्षा की जाएगी. हालांकि, आश्वासन से असंतुष्ट छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए.

विशेषज्ञ समिति का गठन और परीक्षा स्थगित
आंदोलन के बढ़ते दबाव के बीच मंत्री प्रियंक खरगे ने फ्रीडम पार्क पहुंचकर छात्रों से बात की और सोशल मीडिया के जरिए सरकार के फैसले की जानकारी दी.

भर्ती नोटिफिकेशन रद्द: राज्य सरकार ने 128 AO और 817 AAO पदों के पुराने भर्ती नोटिफिकेशन को वापस लेने का आदेश जारी कर दिया है.

15 दिनों में एक्सपर्ट कमेटी सौंपेगी रिपोर्ट: मामले को सुलझाने के लिए विशेषज्ञों की एक स्पेशल कमेटी बनाई गई है, जो 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी.

नियमों में होगा संशोधन: समिति की सिफारिशों के आधार पर ‘कैडर एंड रिक्रूटमेंट’ (C&R) नियमों में जरूरी बदलाव किए जाएंगे.

कब होगी नई परीक्षा?
कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण (KEA) के कार्यकारी निदेशक एच. प्रसन्न (IAS) ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि 8 और 9 अगस्त को होने वाली लिखित परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट आने और समीक्षा पूरी होने के बाद जल्द ही नई परीक्षा तिथियों का ऐलान किया जाएगा.

—- समाप्त —-



Leave a Comment