CBSE स्कूलों में 6,492 शिक्षकों की नियुक्ति का काउंटडाउन, सुक्खू सरकार करेगी बड़ा फैसला, मेरिट वालों को पसंदीदा…


HP CBSE Schools Teacher Recruitment

CBSE स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती (Concept, ETV Bharat)

शिमला: हिमाचल के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में महीनों से अटकी शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है. मई से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हजारों शिक्षकों के लिए राहत भरे संकेत सामने आए हैं. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सीबीएसई भर्ती नीति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही साफ संकेत दिए गए हैं कि भर्ती का मामला एक बार फिर मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जाएगा, जहां कैबिनेट सब-कमेटी की सिफारिशों में कुछ संशोधन कर अंतिम मंजूरी दी जाएगी. सरकार ने मेरिट आधारित नियुक्ति के फैसले पर अपनी मुहर बरकरार रखी है, लेकिन अब तैनाती से पहले चयनित शिक्षकों से उनकी पसंद के स्टेशन भी मांगे जाएंगे, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाई जा सके.

पसंद के स्टेशन का प्रावधान

सरकार की नई रणनीति के तहत मेरिट सूची में आने वाले शिक्षकों से उनके पसंदीदा एक, दो और तीन स्टेशन के विकल्प लिए जाएंगे. इसके बाद सरकार की अंतिम स्वीकृति मिलने पर ही उन्हें संबंधित सीबीएसई स्कूलों में नियुक्ति दी जाएगी. वहीं, जिन शिक्षकों की सेवानिवृत्ति में पांच वर्ष या उससे कम समय शेष है, उन्हें भी उनकी पसंद के स्टेशन देने का प्रावधान किया जाएगा. यदि कोई शिक्षक मेरिट सूची में शामिल है और वर्तमान स्कूल में ही कार्यरत रहना चाहता है तो उसे भी विशेष छूट देने पर सहमति बनी है.

CBSE स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती

  • CBSE पैटर्न वाले सरकारी स्कूलों में करीब 2,100 पद खाली
  • 9,000 से अधिक पात्र शिक्षकों की मेरिट सूची तैयार
  • मेरिट के आधार होगी 6,492 शिक्षकों की नियुक्ति और तैनाती
  • CM सुक्खू ने अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द पूरी करने के दिए निर्देश

प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकों के खाली पद भरने के निर्देश

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में शिक्षा सचिव राकेश कंवर और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीबीएसई स्कूलों की मौजूदा स्थिति, पहले से तैनात शिक्षकों, रिक्त पदों और स्कूलों में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया. समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सबसे पहले मेडिकल, नॉन-मेडिकल और अंग्रेजी जैसे कठिन विषयों के शिक्षकों के रिक्त पद प्राथमिकता के आधार पर भरे जाएं, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो.

सरकारी CBSE स्कूलों में 2100 पद खाली

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई पैटर्न वाले सरकारी स्कूलों में विभिन्न विषयों के करीब 2,100 पद अभी भी खाली हैं. इन रिक्तियों को भरने के लिए 9 हजार से अधिक पात्र शिक्षकों की मेरिट सूची तैयार की जा चुकी है. मई माह से भर्ती प्रक्रिया पर काम चल रहा है और अब इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है. सरकार का लक्ष्य नए शैक्षणिक सत्र के दौरान सभी प्रमुख रिक्तियां भरकर सीबीएसई स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करना है. वहीं, राज्य के 158 सरकारी सीबीएसई स्कूलों में कुल 6,492 शिक्षकों की नियुक्ति और तैनाती की प्रक्रिया मेरिट के आधार पर होगी. इस फैसले के बाद प्रदेश में बड़े स्तर पर शिक्षकों के तबादले भी होंगे. लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हजारों शिक्षकों की निगाहें अब आगामी कैबिनेट बैठक पर टिक गई हैं, क्योंकि इसी बैठक के बाद वर्षों से लंबित इस प्रक्रिया को अंतिम मंजूरी मिलने और नियुक्ति आदेश जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली से हिमाचल के लिए खुला ‘खजाना’, नितिन गडकरी से विक्रमादित्य ने रखीं अरबों की सड़क परियोजनाओं की मांग, कई को मिली सैद्धांतिक मंजूरी

ये भी पढ़ें: स्कूल में शराब, छात्रों से मारपीट, शिक्षा विभाग ने दिखाई सख्ती, हिमाचल के सरकारी शिक्षक को जबरन किया रिटायर



Leave a Comment