खूनी खेल में बदला पारिवारिक विवाद, बेटे और बहू ने पीट-पीटकर की पिता की हत्या!


SON MURDER FATHER IN HAMIRPUR

बेटे और बहू ने की पिता की हत्या (IANS)

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिले के जाहू पुलिस चौकी के तहत आने वाले बडैहर गांव में बुधवार देर रात एक परिवार के विवाद ने खूनी रंग ले लिया. आरोप है कि जमीन और पैसों के विवाद के चलते बटे और बहू ने 64 वर्षीय पिता के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई है. पुलिस ने मृतक के बेटे और बहू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है.

पड़ोसी ने दर्ज कराई शिकायत

पुलिस के अनुसार, गांव बडैहर निवासी टैक्सी चालक अजय कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि 15 जुलाई की रात करीब 11:15 बजे वह अपनी टैक्सी घर के पास खड़ी कर रहे थे. इसी दौरान उसे पड़ोसी विजय कुमार के घर की ऊपरी मंजिल से उसके पिता रतन चंद (मृतक) की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर वह तुरंत विजय कुमार के घर पहुंचा और ऊपर जाकर देखा तो रतन चंद कमरे के फर्श पर पड़े हुए थे. उनके नाक-मुंह से खून बह रहा था और उनकी हालत गंभीर थी.

पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह (ETV BHARAT)

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि जब उसने रतन चंद की स्थिति देखी तो मौके पर मौजूद विजय कुमार (मृतक का बेटा) उसे देखकर भड़क गया और उसके साथ धक्का-मुक्की करते हुए वहां से चले जाने के लिए कहने लगा. इस दौरान उसकी कमीज भी फट गई. घटना के बाद अजय कुमार तुरंत जाहू पुलिस चौकी पहुंचा और पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम शिकायतकर्ता के साथ मौके पर पहुंची. इस दौरान 108 एंबुलेंस के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद उन्होंने रतन चंद को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया,“प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर परिवार में विवाद हुआ था. इसी विवाद के दौरान बेटे और उसकी पत्नी द्वारा रतन चंद के साथ कथित मारपीट की गई, जिसके चलते उनकी मौत हो गई. पुलिस ने मृतक के बेटे और बहू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.”

ये भी पढ़ें: हिमाचल की जेल में कैसे पहुंचा चिट्टा और नशीली दवाएं ? पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

ये भी पढ़ें: नशा तस्करों के खिलाफ शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.28 करोड़ की अर्जित अवैध संपत्ति जब्त



Leave a Comment