चंडीगढ़ नगर निगम में 60 प्रतिशत पद खाली, 276 पदों पर भर्ती की प्रशासक ने दी मंजूरी; जल्द प्रक्रिया होगी शुरू


जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नगर निगम चंडीगढ़ में कर्मचारियों की भारी कमी के बीच 276 पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने नगर निगम के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।

अब निगम किसी सरकारी एजेंसी के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। प्रशासन ने भर्ती में आरक्षण नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। निगम के बजट दस्तावेजों के अनुसार निगम में स्वीकृत 5611 पदों में से 3767 पद खाली हैं।

यानी 60 प्रतिशत से अधिक पद रिक्त हैं। इंजीनियरिंग, फायर, स्वास्थ्य, प्रवर्तन और अन्य विभाग लंबे समय से कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे हैं, जिससे शहर की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

इन पदों पर होगी भर्ती

भर्ती में सबसे अधिक 118 क्लर्क के पद शामिल हैं। इसके अलावा 79 फायरमैन, 33 ड्राइवर, 20 जूनियर इंजीनियर, दो सब-डिविजनल इंजीनियर, पांच प्रवर्तन सब-इंस्पेक्टर, चार ड्राफ्ट्समैन, चार स्टेनो टाइपिस्ट तथा तीन मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर के पद भरे जाएंगे। कुछ लेखा एवं तकनीकी पद भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किए गए हैं।

पंजाब विश्वविद्यालय करा चुका भर्ती

नगर निगम ने वर्ष 2021 में करीब 170 स्थायी पदों पर भर्ती के लिए पंजाब विश्वविद्यालय को एजेंसी बनाया था। वह प्रक्रिया एक वर्ष से अधिक समय तक चली थी। अब निगम फिर से किसी प्रतिष्ठित सरकारी एजेंसी का चयन करेगा, जिसके बाद भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा।

प्रभावित हो रही सेवाएं

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि हजारों पद खाली होने के कारण विभागों का कामकाज प्रभावित हो रहा है और कई जगह संविदा कर्मचारियों के सहारे व्यवस्था चल रही है। नई भर्ती से विभिन्न विभागों को आवश्यक मानव संसाधन मिलेगा, कार्यक्षमता बढ़ेगी और नागरिक सेवाओं में सुधार आने की उम्मीद है।



Leave a Comment