Chandigarh MC Recruitment : चंडीगढ़ नगर निगम में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। करीब पांच साल बाद नगर निगम में नियमित भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। यूटी प्रशासन ने 276 पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दे दी है। भर्ती प्रक्रिया सरकारी एजेंसी के माध्यम से पूरी कराई जाएगी। एजेंसी का चयन होने के बाद विस्तृत भर्ती अधिसूचना जारी की जाएगी।
नगर निगम में वर्ष 2021 के बाद पहली बार नियमित भर्ती होने जा रही है। लंबे समय से विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली होने के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा था। नई भर्ती से कर्मचारियों की कमी दूर होने के साथ नागरिक सेवाओं में भी सुधार की उम्मीद है।
इन पदों पर होगी भर्ती
- क्लर्क – 118 पद
- फायरमैन – 79 पद
- ड्राइवर – 33 पद
- जूनियर इंजीनियर (JE) – 20 पद
- एनफोर्समेंट सब-इंस्पेक्टर – 5 पद
- सब-डिविजनल इंजीनियर (SDE) – 3 पद
- मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर – 3 पद
- ड्राफ्ट्समैन – 2 पद
- आर्किटेक्ट – 1 पद
इंजीनियरिंग विभाग को मिलेगी राहत
नगर निगम का इंजीनियरिंग विभाग सबसे अधिक स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। पिछले कुछ वर्षों में कई वरिष्ठ अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि रिक्त पदों को नहीं भरा जा सका। अधीक्षण अभियंता (एसई) सहित कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली हैं, जिससे विकास परियोजनाओं और अन्य कार्यों पर असर पड़ा है। अधिकारियों का मानना है कि नई भर्ती से विभागों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, विकास कार्यों में तेजी आएगी और शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी।