छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला: बस्तर फाइटर्स में 5800 पदों पर होगी भर्ती, स्थानीय युवाओं को मिलेगी नौकरी


छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग के युवाओं के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए बस्तर फाइटर्स के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। इस विशेष बल का उद्देश्य माओ…और पढ़ें

Publish Date: Sun, 19 Jul 2026 05:57:57 PM (IST)Updated Date: Sun, 19 Jul 2026 05:57:57 PM (IST)

छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला: बस्तर फाइटर्स में 5800 पदों पर होगी भर्ती, स्थानीय युवाओं को मिलेगी नौकरी
छत्तीसगढ़: बस्तर फाइटर्स में 5800 पदों पर होगी भर्ती (AI Generated Image)

HighLights

  1. छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर फाइटर्स के 5,800 पदों पर भर्ती को दी मंजूरी
  2. माओवाद प्रभावित क्षेत्रों के स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता
  3. चरणबद्ध तरीके से कम किए जाएंगे बस्तर में तैनात अर्धसैनिक बल

नईदुनिया प्रतिनिधि, सुकमा। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग के युवाओं के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए बस्तर फाइटर्स के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। इस विशेष बल का उद्देश्य माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना तथा बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करना है। पहले चरण में 1,500 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

चरणबद्ध तरीके से कम होंगे केंद्रीय अर्धसैनिक बल

सरकार की योजना के अनुसार भविष्य में बस्तर में तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की संख्या चरणबद्ध तरीके से कम करते हुए सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय युवाओं से गठित बस्तर फाइटर्स को सौंपी जाएगी। सरकार का मानना है कि स्थानीय भाषा, संस्कृति और भौगोलिक परिस्थितियों की जानकारी रखने वाले युवा सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बना सकेंगे।

वन मंत्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का जताया आभार

वन मंत्री केदार कश्यप ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा और साहस की कमी नहीं है। उन्हें अपने क्षेत्र की सुरक्षा में भागीदारी का अवसर देकर सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इससे हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को मिलेगी प्राथमिकता

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर के समग्र विकास, युवाओं के सशक्तिकरण और माओवाद के स्थायी समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। भर्ती प्रक्रिया में बस्तर संभाग के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नक्सल विरोधी अभियानों में सहयोग करने तथा संवेदनशील ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। यह भर्ती युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ अपने क्षेत्र के विकास और शांति स्थापना में योगदान देने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।



Leave a Comment