गिरिडीह, प्रतिनिधि। अभाविप गिरिडीह इकाई ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जेपीएससी एवं जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर गहरी चिंता जताई और मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। अभाविप ने कहा कि हाल के दिनों में भर्ती परीक्षाओं, परिणामों और नियुक्तियों को लेकर सामने आए तथ्यों ने पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे युवाओं का सरकारी भर्ती प्रणाली पर भरोसा कमजोर हो रहा है। अभाविप प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि जेपीएससी भर्ती परीक्षाओं में परिणाम, ओएमआर शीट और मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित हेरफेर, अधिकारियों की गिरफ्तारी, निजी एजेंसियों और आयोग के पदाधिकारियों की संदिग्ध भूमिका तथा कई परीक्षाओं के स्थगन से प्रकरण की गंभीरता स्पष्ट होती है।
जेएसएससी की विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर भी अभ्यर्थी लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। जिला संयोजक नीरज चौधरी ने कहा कि इन घटनाओं से गरीब, दलित, जनजातीय और वंचित वर्ग के हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। एसएफएस सह संयोजक अनीश राय ने कहा कि अभ्यर्थी वर्षों की मेहनत के बाद मानसिक, आर्थिक और सामाजिक पीड़ा झेल रहे हैं। इससे राज्य की भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता संकट में है। प्रेस वार्ता में अभाविप ने झारखंड सरकार से मांग की कि जेपीएससी एवं जेएसएससी से जुड़े सभी कथित घोटालों की सीबीआई से जांच कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का विश्वास पुनः बहाल हो सके।