
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रवासी मजदूरों से घर लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार नौकरी के अवसर उत्पन्न करेगी और एक साल में 125 दिन का काम सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा, उन्होंने सुरंग दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को सहायता देने की भी घोषणा की।

जलपाईगुड़ी, एजेंसी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को राज्य के प्रवासी मजदूरों से घर लौटने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार रोजगार के मौके पैदा करेगी और जॉब कार्ड पाने वालों को एक वर्ष में 125 दिन का काम देगी। सिक्किम में हाल ही में हुई सुरंग दुर्घटना में मारे गए पश्चिम बंगाल के निवासियों के परिवारों से मिलने के बाद जलपाईगुड़ी में अधिकारी ने कहा कि राज्य विकास के दौर में प्रवेश कर रहा है। अधिकारी ने कहा कि मैं प्रवासी मजदूरों से लौटने की अपील करता हूं। राज्य सरकार रोजगार के मौके देने के लिए तैयार है।
केंद्र सरकार मुफ्त राशन दे रही है। आयुष्मान भारत योजना उपलब्ध है, और जो लोग इसके दायरे में नहीं आते, उन्हें मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत फायदा मिलेगा। हम यह पक्का करेंगे कि लौटने के बाद उन्हें कोई परेशानी न हो। अधिकारी ने उत्तर बंगाल में औद्योगिक विकास को तेजी देने के लिए कई पहलों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तर बंगाल में डेयरी सहकारी संस्था ‘अमूल’ को 15 एकड़ जमीन देगी। उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग ने इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन की पहचान कर ली है।इससे पहले, अधिकारी ने सिक्किम के नामची जिले में हाल ही में सुरंग ढहने की घटना में मारे गए राज्य के 11 प्रवासी मजदूरों के परिवारों को आर्थिक मदद सौंपी और नौ पीड़ित परिवारों के सदस्यों के लिए सरकारी नौकरी की घोषणा की।