विकेटकीपर ईशान किशन समेत कई भारतीय क्रिकेटर के पास सरकारी नौकरी है। ईशान पटना स्थित रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की ब्रांच में असिस्टेंट मैनेजर हैं। उनकी नियुक्ति साल 2017 में हुई थी।
भारत में कई क्रिकेटर्स के पास सरकारी नौकरी है। खिलाड़ियों को सम्मानित करने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र, राज्य सरकारें या सरकारी संस्थान नौकरी देते हैं। खिलाड़ियों को मानद पद स्पोर्ट्स कोटे के तहत मिलते हैं। चलिए, आपको टॉप 5 ऐसे भारतीय क्रिकेटर बारे में बताते हैं, जो फिलहाल सरकारी नौकर हैं। क्रिकेट से ब्रेक मिलने पर ही खिलाड़ी सरकारी नौकरी पर जाते हैं।
ईशान किशन
विकेटकीपर ईशान किशन क्रिकेट से ब्रेक मिलने पर हाल ही में अपनी सरकारी पर पहुंचे। वह पटना स्थित रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की ब्रांच में असिस्टेंट मैनेजर हैं। 28 वर्षीय ईशान की ब्रांच के कर्मियों के साथ तस्वीर खूब वायरल हो रही, जिसमें वह पैंट-शर्ट पहने नजर आए। उनके गले में आईडी कार्ड भी था। ईशान की नियुक्ति साल 2017 में स्पोर्ट्स कोटे के तहत हुई थी। असिस्टेंट मैनेजर ग्रेड-ए लेवल का पद है। भारत की सीमित ओवरों की टीम इन दिनों ब्रेक पर है। भारत ने पिछली सीरीज जिम्बाब्वे दौरे पर खेली थी। इस टी20 सीरीज में भारत ने सूपड़ा साफ किया। भारत को अब 15 अगस्त से श्रीलंका में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है, जिसका ईशान हिस्सा नहीं। वह दलीप ट्रॉफी 2026 में एक्शन में होंगे, जो 23 अगस्त से शुरू होने जा रही। वह ईस्ट जोन की कप्तानी करेंगे। ईशान ने भारत के लिए दो टेस्ट, 32 वनडे और 55 T20I खेले हैं।
केएल राहुल
भारत के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल भी आरबीआई में असिस्टेंट मैनेजर हैं। उनकी नियुक्ति 2018 में बेंगलुरु की ब्रांच में हुई। राहुल ने दिसंबर 2014 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। 34 वर्षीय क्रिकेटर 68 टेस्ट, 98 वनडे और 72 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुका है। वह आगामी श्रीलंका सीरीज में दमखम दिखाते हुए नजर आएंगे।
युजवेंद्र चहल
लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल काफी समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। हालांकि, चहल के पास सरकारी नौकरी भी है। उनकी 2018 में इनकम टैक्स ऑफिसर के तौर पर नियुक्ति हुई थी। वह भारत सरकार के टैक्स डिपार्टमेंट का भी हिस्सा हैं। 34 वर्षीय चहल ने 72 वनडे और 80 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। वह आखिरी बार भारतीय जर्सी में अगस्त 2023 में दिखे थे।
रिंकू सिंह
रिंकू सिंह को इस साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश सरकार ने रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर के पद पर नियुक्त किया। 28 वर्षीय बल्लेबाज को भारतीय क्रिकेट में योगदान देने के लिए यह सम्मान दिया गया। नियुक्ति के साथ रिंकू को 3 करोड़ रुपये की रकम भी दी गई। वह दो वनडे और 48 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं।
मोहम्मद सिराज
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज तेलंगाना पुलिस में डीएसपी हैं। भारत के टी20 वर्ल्ड कप का जीतने के बाद उन्हें ग्रुप-I पुलिस की नौकरी से सम्मानित किया गया। 32 वर्षीय सिराज ने अब तक 46 टेस्ट, 50 वनडे और 17 T20I में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वह श्रीलंका दौरे पर एक्शन में होंगे।