टीशर्ट पर लिखे ‘कैप्टन’ शब्द पर लगा कट का निशान, सूर्या की पत्नी के पोस्ट ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका – suryakumar yadavs t-shirt with captain crossed out a jibe at losing captaincy of team india


टी20 टीम से बाहर चल रहे पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की एक तस्वीर उनकी पत्नी देविशा ने शेयर की, जिसमें सूर्या की टी-शर्ट पर कैप्टन शब्द कटा हुआ है और लीडर शब्द साफ लिखा है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत के खराब प्रदर्शन के बीच आई इस तस्वीर को फैंस चयनकर्ताओं पर तंज मान रहे हैं।

Suryakumar Yadav
सूर्यकुमार यादव
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टी20 कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव एक बार फिर सोशल मीडिया पर जबरदस्त सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार वजह कोई क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि उनकी पत्नी देविशा शेट्टी द्वारा इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की गई एक तस्वीर है, जिसने क्रिकेट पंडितों और फैंस के बीच एक नई बहस छेड़ दी है। वायरल तस्वीर में पूर्व भारतीय कप्तान अपने बच्चे के साथ फुर्सत के पल बिताते हुए नजर आ रहे हैं। इस बेहद शांत पारिवारिक पल के दौरान सूर्या ने एक साधारण काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर अंग्रेजी में दो शब्द लिखे हुए थे, ‘कैप्टन’ (Captain) और ‘लीडर’ (Leader)।

कैप्टन पर लगा था कट

जैसे ही फैंस की नजर इस टी-शर्ट के डिजाइन पर पड़ी, सोशल मीडिया पर कयासों का बाजार गर्म हो गया। दरअसल, टी-शर्ट पर लिखे कैप्टन शब्द को एक लाइन खींचकर काटा गया था, जबकि उसके ठीक नीचे लिखा शब्द लीडर पूरी तरह साफ और चमक रहा था। देखते ही देखते यह तस्वीर सोशल मीडिया पर टॉप ट्रेंड्स में शामिल हो गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों पर बेहद खराब और निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आई इस तस्वीर को देखकर फैंस लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या यह भारतीय चयनकर्ताओं पर कोई तंज या निशाना है? हालांकि, अब तक न तो सूर्यकुमार यादव और न ही देविशा ने इस तस्वीर या टी-शर्ट के असली मतलब को लेकर कोई सफाई दी है।

वायरल फोटो पर फैंस की प्रतिक्रियाएं

इस पोस्ट के टाइमिंग ने भी सोशल मीडिया पर अटकलों को हवा देने में बड़ी भूमिका निभाई है। कुछ समय पहले तक टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले सूर्यकुमार यादव को हालिया टी20 टीम से पूरी तरह बाहर रखा गया है। इस अनुभवी और मैच-विनर बल्लेबाज का अचानक चयनकर्ताओं की योजना से बाहर होना फैंस के लिए एक बड़े झटके जैसा था। ऐसे में इंटरनेट पर कई यूजर्स ने टी-शर्ट के कटे हुए शब्द कैप्टन को उनकी वर्तमान स्थिति और कप्तानी छीने जाने के मामले से जोड़कर देख रहे हैं। कई लोगों का मानना था कि टी-शर्ट पर लीडर शब्द को तवज्जो देना यह दर्शाता है कि मैदान पर केवल आधिकारिक कप्तानी मायने नहीं रखती, बल्कि नेतृत्व क्षमता सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। इसके बावजूद, इस बात का कोई पुख्ता सबूत नहीं है कि इस तस्वीर को जानबूझकर किसी विवाद को फैलाने के लिए शेयर किया गया था।

सूर्या और देविशा की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं

फिलहाल सोशल मीडिया पर चल रही इन तमाम अफवाहों और दावों पर सूर्यकुमार यादव या उनकी पत्नी देविशा शेट्टी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। दोनों में से किसी ने भी इस पर बयान जारी नहीं किया है, जिससे यह तय कर पाना नामुमकिन है कि उस टी-शर्ट के डिजाइन के पीछे वाकई कोई गहरी कहानी थी या यह महज एक इत्तेफाक था। देखा जाए तो इस समय दाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज का इंटरनेशनल करियर एक कठिन दौर से गुजर रहा है। एक समय दुनिया के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाजों में शुमार रहने वाले और बतौर कप्तान सफल रिकॉर्ड रखने वाले सूर्या आज चयनकर्ताओं द्वारा टीम में किए जा रहे बड़े बदलावों के बीच राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह दोबारा हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

ऋषिकेश कुमार सिंह

लेखक के बारे मेंऋषिकेश कुमार सिंहऋषिकेश कुमार सिंह (डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर)

ऋषिकेश कुमार सिंह वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2022 में ‘इंडिया टीवी’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे अप्रैल 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 3.5 साल का अनुभव है।

विशेषज्ञता: ऋषिकेश कुमार सिंह खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से झारखंड के बोकारो के रहने वाले ऋषिकेश कुमार सिंह ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर इन मीडिया में स्नातक किया। उन्होंने साल 2022 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।और पढ़ें