दिल्ली में कल संसद भवन के पास की इन सड़कों से रहें दूर, ट्रैफिक एडवाजरी जारी; देखें पूरी लिस्ट, Ncr Hindi News


कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 20 जुलाई को संसद कूच का ऐलान किया है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कल से शुरू हो रहे संसद के मॉनसून सत्र से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर लोगों को संसद भवन के पास की सड़कों पर कल जानें से बचने की सलाह दी है। 

आशीष गुप्ता, नई दिल्ली

संसद का मॉनसून सत्र सोमवार 20 जुलाई से शुरू होगा। साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी ने संसद मार्च का ऐलान कर रखा है। इसे देखते हुए संसद भवन के आसपास मार्गों पर प्रतिबंध लागू रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर संसद भवन के पास के रास्तों से बचने की सलाह दी है।

इन रास्तों पर रहेगी दिक्कत

ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि वाहनों का आवागमन बढ़ने की आशंका है, साथ में प्रतिबंध लागू रहेंगे। ऐसे में वाहन चालकों को रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोक रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाब गंज गुरुद्वारा रोड का रुख करने से बचना चाहिए। इसके साथ ही साथ ही विजय चौक, पटेल चौक गोलचक्कर, बोट क्लब, बूटा सिंह गोलचक्कर, रेल भवन गोलचक्कर, प्राइम चौक गोलचक्कर, सुनहरी मस्जिद गोलचक्कर, जीआरजी गोलचक्कर और जलेबी चौक पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना जताई गई है।

जाम से बचने को इन सड़कों से निकलें

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को जनपथ, विनय मार्ग, मान सिंह रोड, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस, अकबर रोड, बाबा खड़क सिंह मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, राउंडअबाउट आरएमएल, शांति पथ, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, मौलाना अबुल कलाम आजाद रोड, 11 मूर्ति, कमाल अतातुर्क मार्ग, सरदार पटेल मार्ग और पंचशील मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है। लोगों को सुझाव दिया गया है कि वे अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।

संसद का मॉनसून सत्र हंगामेदार होने के आसार

इस बार संसद का मॉनसून सत्र बेहद हंगामेदार होने के आसार हैं। एक ओर सरकार पूर्व सत्र में पारित न हो पाए परिसीमन संबंधित संविधान संशोधन विधेयक सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक लाने की तैयारी कर रही है, वहीं विपक्ष परीक्षाओं में पेपर लीक समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। परिसीमन संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को हालांकि अभी तक विधायी एजेंडे में शामिल नहीं किया गया है। मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और इसके 13 अगस्त तक चलने की संभावना है।

संसद के मॉनसून सत्र के आरंभ होने से एक दिन पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक में सरकार के विधायी एजेंडे और कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। विपक्ष जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर जंतर-मंतर से जबरन हटाए जाने का मुद्दा भी इस बैठक में उठा सकता है। इस बैठक में सभी प्रमुख दलों के सदन के नेता शामिल होंगे और कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला भी शामिल है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के विरोध स्थल से पुलिस द्वारा वांगचुक को हटाए जाने का मामला इस बैठक में उठाया जा सकता है।

राम मंदिर के चढ़ावे के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी बैठक में अहम रूप से उठ सकता है। समाजवादी पार्टी ने घोषणा की है कि वह इस मामले को संसद में पुरजोर तरीके से उठाएगा।

वहीं, सरकार ने कुछ नए विधेयकों की घोषणा की है जिन्हें आगामी मॉनसून सत्र के दौरान लोकसभा या राज्यसभा में पेश किया जाएगा।

(भाषा के इनपुट के साथ)



Leave a Comment