दिल्ली में प्रदूषण छुपाने का खेल खत्म! CAQM के औचक निरीक्षण में पकड़ा गया PWD, अधिकारियों को मिली सख्त चेतावनी


राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में हवा की गुणवत्ता सुधारने और सड़कों से उड़ने वाली धूल पर लगाम लगाने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने बड़ा एक्शन लिया है।

आयोग ने ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत दिल्ली की सड़कों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें एमसीडी की सड़कों पर तो सुधार दिखा, लेकिन लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लापरवाही उजागर हो गई। इस पर सीएक्यूएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए इस गड़बड़ी पर सख्त लहजे में स्पष्टीकरण मांग लिया है।

2025 में जारी किए गए ‘स्टैंडर्ड फ्रेमवर्क’ के अनुरूप

आयोग की 10 फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों ने बुधवार को एमसीडी के क्षेत्र में आने वाले 79 सड़क खंडों (करीब 13 किलोमीटर) का औचक निरीक्षण किया था। जांच में सामने आया कि 79 में से 78 सड़कों पर पूरी तरह से पक्की सड़क बनाने का काम हो चुका है, जो आयोग के जनवरी 2025 में जारी किए गए ‘स्टैंडर्ड फ्रेमवर्क’ के अनुरूप है।

केवल एक सड़क पर अभी काम चल रहा है। आयोग का मानना है कि एमसीडी के इस पक्के निर्माण से गाड़ियों की आवाजाही के दौरान उड़ने वाले धूल प्रदूषण में भारी कमी आएगी, जो कि प्रदूषण का एक मुख्य जरिया है।

निरीक्षण में पीडब्ल्यूडी के दावों की पोल खुल गई

दूसरी ओर, इससे कुछ दिन पहले हुए निरीक्षण में पीडब्ल्यूडी के दावों की पोल खुल गई थी। आयोग की टीमों ने जब पीडब्ल्यूडी के तहत आने वाले 69 किमी लंबे 48 सड़क खंडों की जांच की, तो वहां गंभीर कमियां पाई गईं।

खबरें और भी

इस दौरान सात प्रमुख सड़कों पर पेविंग का काम अधूरा मिला, नौ सड़कों के किनारे से फुटपाथ ही गायब थे और 21 सड़कों पर सेंट्रल वर्ज (सड़क का बीच का हिस्सा) पक्का नहीं किया गया था। ज़मीनी हकीकत छिपाने और कागजों पर गलत रिपोर्ट देने के आरोप में ही आयोग ने पीडब्ल्यूडी से जवाब तलब किया है।

रोड-ओनिंग एजेंसियों को तय मानकों का पालन करना होगा

सीएक्यूएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि दिल्ली में धूल के प्रदूषण को रोकने के लिए सभी रोड-ओनिंग एजेंसियों को तय मानकों का पालन हर हाल में करना होगा। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को अधूरा काम तुरंत पूरा करने और सड़कों के नियमित रखरखाव की हिदायत दी है ताकि मैकेनाइज्ड स्वीपिंग को असरदार बनाया जा सके।

इसके साथ ही कड़ी चेतावनी दी गई है कि जमीनी हकीकत जांचने और लापरवाह एजेंसियों पर नकेल कसने के लिए ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत यह औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के सुंदर नगरी में घर से बारिश का पानी निकालने के दौरान गिरकर चोटिल हुआ युवक, मौत



Leave a Comment