फर्जी सर्टिफिकेट से सरकारी नौकरी, ससुर-दामाद की साजिश बेनकाब, EOW ने पिता-पुत्री पर दाखिल किया चालान


जागरण संवाददाता, जम्मू। फर्जी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) जम्मू ने दो आरोपितों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र (चार्जशीट) पेश किया है। आरोप है कि जाली शैक्षणिक दस्तावेज तैयार कर वर्ष 2016 में समाज कल्याण विभाग, खारी (रामबन) में सरकारी नौकरी प्राप्त की गई, जिससे सरकारी विभाग को धोखा देने के साथ राज्य के खजाने को भी नुकसान पहुंचा।

क्राइम ब्रांच अधिकारियों के अनुसार यह मामला खुर्शीद अहमद नाइक निवासी सराची, तहसील खारी, जिला रामबन की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ईओडब्ल्यू जम्मू में धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपितों ने कथित तौर पर फर्जी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट तैयार कर उसका इस्तेमाल सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए किया।

जांच अधिकारियों को ऐसे पर्याप्त सबूत मिले, जिनसे यह स्थापित हुआ कि प्रमाणपत्र जाली था और उसका उपयोग अनुचित लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से किया गया। क्राइम ब्रांच की जांच में यह भी पाया गया कि आरोपित महिला के ससुर ने कथित तौर पर फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कराने और उसका उपयोग करने में सहायता की थी। इसी प्रमाणपत्र के आधार पर समाज कल्याण विभाग खारी, रामबन में नौकरी हासिल की गई।

समाज कल्याण विभाग की भर्ती में धोखाधड़ी

मामले की जांच पूरी होने के बाद सीजेएम रामबन की अदालत में आरोपपत्र पेश किया। जिन आरोपितों के खिलाफ चालान दाखिल किया गया है, उनमें गुलाम नबी नाइक तथा उसकी बेटी शकीला बानो दोनों निवासी खारी, जिला रामबन शामिल हैं। एसएसपी क्राइम ब्रांच ईओडब्ल्यू जम्मू फैसल कुरैशी ने कहा कि जालसाजी, धोखाधड़ी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि ऐसे मामलों की जानकारी पुलिस और जांच एजेंसियों को दें ताकि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों और सार्वजनिक संस्थानों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसे मामलों की गहन जांच जारी रहेगी।



Leave a Comment