बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर बीच सड़क पर चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी ने उसी चाकू से खुद को गोदकर आत्महत्या की कोशिश की।
पश्चिम बंगाल से सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर 24 परगना जिले के सोदेपुर इलाके में एक पति ने अपनी पत्नी पर बीच सड़क वार कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने बीच सड़क चाकू से गोदकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके तुरंत बाद आरोपी ने उसी खूनी चाकू से अपने पेट में वार कर आत्महत्या करने की कोशिश की। मृतका की पहचान गीता दास के रूप में हुई है, जबकि आरोपी सुभाष दास है। वह उत्तर 24 परगना के नाजत इलाके का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि दोनों ने कुछ साल पहले ही शादी की थी, लेकिन गीता के परिवार वालों ने इस रिश्ते को कभी स्वीकार नहीं किया था।
क्या बोली पुलिस?
पुलिस के अनुसार, सुभाष दास और गीता दास पिछले दो-तीन साल से सोदेपुर के स्कूल रोड स्थित एक किराए के मकान में रह रहे थे। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे दोनों स्कूल रोड पर थे, तभी अचानक सुभाष ने गीता पर चाकू से लगातार वार करना शुरू कर दिया। गीता चीखती रही और बचने की कोशिश करती रही, लेकिन सुभाष ने रुकने का नाम नहीं लिया। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने घटना देखते ही हंगामा मचाया और बीच-बचाव करने की कोशिश की। कुछ लोगों ने सुभाष को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन उसने किसी की एक नहीं सुनी।
बताया जा रहा है कि गीता को करीब 8-10 बार चाकू मारा गया, जिससे वह सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर गई। इसके बाद सुभाष ने उसी चाकू से अपने पेट में वार कर लिया, और वह भी वहीं गिर गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को गंभीर हालत में सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुभाष का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उस पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
आये दिन लड़ते थे दोनों
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से दोनों के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे। सुभाष कई बार गीता के साथ मारपीट कर चुका था। गीता ने परिवार वालों और पड़ोसियों से शिकायत भी की थी कि सुभाष उसे धमकाता और मारता है। कुछ दिनों पहले गीता ने रिश्ता खत्म करने की इच्छा जताई थी और मायके वापस जाने की बात कही थी। लेकिन सुभाष इस बात के लिए तैयार नहीं था। पड़ोसियों के अनुसार, मंगलवार रात भी दोनों के बीच जोरदार बहस हुई थी, जिसके बाद बुधवार को यह हादसा हो गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहल सोदेपुर थाना पुलिस गीता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में हत्या और आत्महत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पड़ोसियों और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।