बंगाल में भाजपा सरकार बनते ही शिक्षक भर्ती मामले में बड़ा कदम, SSC ने जारी की 2016 परीक्षा की ओएमआर शीट


राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन के साथ ही लंबे समय से कानूनी विवाद में फंसे शिक्षक नियुक्ति मामले में बड़ी पहल देखने को मिली है। स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) ने 2016 की शिक्षक एवं शिक्षा कर्मी नियुक्ति परीक्षा की ओएमआर शीट वेबसाइट पर अपलोड करने की अधिसूचना जारी कर दी।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार सीबीआइ से प्राप्त हार्ड डिस्क के आधार पर 2016 नियुक्ति परीक्षा की ओएमआर शीट अपलोड की गई है। शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पूरा पैनल रद होने के कारण 26 हजार से अधिक शिक्षक तथा ग्रुप सी, ग्रुप डी शिक्षा कर्मियों की नौकरी चली गई थी।

कलकत्ता हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नौकरी अभ्यर्थी और विभिन्न संगठन लगातार ओएमआर शीट सार्वजनिक करने की मांग कर रहे थे। आरोप था कि कई मामलों में ओएमआर शीट नष्ट कर दी गई या उनमें धांधली की गई।

कोलकाटा हाई कोर्ट का निर्देश

कलकत्ता हाई कोर्ट ने 2024 में ही 22 लाख ओएमआर शीट सार्वजनिक करने का निर्देश दिया था, लेकिन उस समय आयोग ने निर्देश नहीं माना। नई सरकार के आते ही आयोग ने कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश को मान लिया है।

पिछले वर्ष नौकरी गंवाने वाले 19 हजार योग्य अभ्यर्थियों को चिह्नित कर कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर एसएससी ने पारदर्शी तरीके से नई नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की थी। दोबारा परीक्षा भी ली गई थी। हालांकि नवम-दशम और एकादश-द्वादश की लिखित परीक्षा के परिणाम में 2016 के कई योग्य अभ्यर्थी उत्तीर्ण नहीं हो सके थे, जिससे असंतोष और विवाद और बढ़ गया था।



Leave a Comment