‘बकरा हलाल होते देखा है?’ बोलकर मुस्लिम दोस्तों ने सूर्या चौहान को चाकू से गोद डाला; गाजियाबाद के खोड़ा में तनाव – Ghaziabad Surya Chauhan Stabbed To Death By Muslim Friends On bakrid Tension in Khoda Hindus angry lclam


गाजियाबाद में 17 वर्षीय हिंदू युवक सूर्या चौहान की 28 मई (बकरीद) की शाम उसके ही कुछ पूर्व परिचित मुस्लिम दोस्तों ने चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपियों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए सूर्या को फोन करके चौधरी स्कूल के पास वाली गली में बुलाया था. वहां असद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक समेत अन्य युवकों ने सूर्या को दबोच लिया और उस पर बड़े चाकू से कई वार किए. नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान सूर्या की मौत हो गई.

‘क्या तुमने कभी बकरा हलाल होते देखा है’

खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में हुई इस घटना के समय मृतक सूर्या के साथ मौजूद चश्मदीद युवकों ने एक बेहद चौंकाने वाला और हैरान कर देने वाला खुलासा किया है. चश्मदीदों के अनुसार, हमला करने से पहले आरोपी लड़कों ने सूर्या को अपने पास बुलाया था. इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर सूर्या से पूछा कि ‘क्या तुमने कभी बकरा हलाल होते देखा है.’ यह बात कहते ही आरोपियों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे लहूलुहान कर दिया.

चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन, अस्पताल में तोड़ा दम

हमले के दौरान मौके पर मची चीख-पुकार और शोर को सुनकर सूर्या का भाई यश चौहान और उसकी मां तुरंत घटना स्थल की तरफ दौड़े. परिजनों को आता देख सभी हमलावर घायल सूर्या को तड़पता हुआ गंभीर हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए. परिवार वाले आनन-फानन में घायल युवक को नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान सूर्या ने दम तोड़ दिया.

खोड़ा में भारी सांप्रदायिक तनाव, बुलडोजर कार्रवाई की मांग

सूर्या की मौत की खबर फैलते ही पूरे खोड़ा क्षेत्र में भारी रोष और सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई. घटना की जानकारी मिलने पर खोड़ा नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष रीना भाटी और विभिन्न हिंदू संगठनों के लोग मौके पर जमा हो गए. हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में इस हत्या को लेकर गहरा आक्रोश है. उन्होंने मांग की है कि सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, इलाके में भारी बल तैनात

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

—- समाप्त —-


Leave a Comment