संवाद सूत्र, बदायूं। एक वर्ष पहले क्रिकेट खेलने के दौरान बच्चों के झगड़े ने खूनी रंजिश का रूप ले लिया। शनिवार को खेत पर जाते समय दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। उनमें लाठी-डंडों व फावड़ों से वार-पलटवार हुए। इसमें गंभीर रूप से घायल कुंवरपाल की देर शाम राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। पांच अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है। गांव में तनाव होने के कारण फोर्स तैनात कर दी गई है।
इस्लामनगर के जगदीशपुर गांव में कुंवरपाल यादव व मोर सिंह यादव के परिवार के बच्चों में एक वर्ष पहले खेलते समय विवाद हुआ था। इस बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। कुछ समय बाद दोनों पक्षों में रास्ता निकासी का विवाद हो गया था।
शनिवार को कुंवरपाल यादव, अतर सिंह, नरेश पाल खेत पर जा रहे थे। रास्ते में दूसरे पक्ष के मोर सिंह यादव, अनार देवी, राम खिलाड़ी और वेदवती से आमना-सामना हो गया। रास्ते से पहले निकलने को लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक होने लगी। उसी में क्रिकेट वाले झगड़े की बात भी उखड़ आई। तनातनी के बीच दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमलावर हो गए।
मारपीट में कुंवरपाल यादव, अतर सिंह, मोर सिंह, राम खिलाड़ी और अनार देवी व अन्य को गंभीर चोट आई। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां कुंवरपाल और अतर सिंह की हालत गंभीर देखकर राजकीय मेडिकल कालेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान कुंवरपाल ने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर का इंतजार किया जा रहा है, उसी आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।