राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में घटिया दूध परोसे जाने का मामला सामने आया है। शनिवार को ट्रेन से नई दिल्ली से झांसी जाते समय ट्रेन कर्मियों द्वारा उन्हें नाश्ते में घटिया दूध परोसा गया।
उन्होंने इस पर आपत्ति जताई है और रेलवे मंत्री को मामले की शिकायत की है। साथ ही कहा है कि भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को घटिया व निम्न स्तरीय खाद्य पदार्थ परोस कर उनकी सेहत के खिलाफ खिलवाड़ किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी शनिवार को झांसी के दौरे पर थे। उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृज लाल खाबरी और दो अन्य नेता भी ट्रेन में सफर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कोच संख्या ई-टू में सीट संख्या एक से चार नंबर सीट पर सफर करने के दौरान नई दिल्ली से बाहर निकलते ही ट्रेन कर्मियों द्वारा उन्हें नाश्ते में घटिया दूध परोसा गया।
उन्होंने इसे लेकर संबंधित अधिकारी से बात की और उससे दूध की आपूर्तिकर्ता कंपनी की जानकारी मांगी तो आनाकानी की जाने लगी। उन्होंने दूध और उसमें मिलाए गए कार्न फ्लेक्स का वीडियो भी बनाया है। उन्होंने दावा किया कि दूध में कार्न फ्लेक्स मिलाते ही दूध और कार्न फ्लेक्स अलग-अलग हो गए और पानी अलग दिखाई देने लगा।
इस मामले में उनके द्वारा एक्स पर रेल मंत्री व रेल प्रबंधन को की गई शिकायत के जवाब में रेलवे ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए लिखा है कि परोसा गया दूूध ओएमएफईडी ब्रांड का था। इस ब्रांड को मंजूरी मिली है।
उक्त दू्ध रविवार को एक्सपायर होने वाला था। रेलवे प्रबंधन ने इस मामले को लेकर रेल कर्मियों को फटकार लगाई है और निर्देश दिए हैं कि यात्रियों को सर्व किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की सर्विस में पूरी सावधानी बरतें।