मेयर के दबाव में नहीं आएगा धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन, संजीव के सामने अभिषेक सिंह करेंगे बैटिंग


जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) को लेकर चल रहा विवाद अब सिंह मेंशन (धनबाद मेयर संजीव सिंह का घर) बनाम रघुकुल (दिवंगत डिप्टी मेयर नीरज सिंह का घर) में बदलता जा रहा है। डीसीए के एक गुट ने मौजूदा कार्यकारिणी समिति के विरुद्ध मोर्चा खोल रखा है।

यह गुट मौजूदा समिति को भंग करने का पुरजोर प्रयास कर रहा है। 22 जून को 134 सदस्यों के कथित हस्ताक्षर वाला पत्र सौंप पूर्व डीएसपी अवधेश कुमार सिंह ने डीसीए प्रबंध समिति पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए एसजीएम बुलाने की मांग की थी।

डीसीए के बागी गुट को धनबाद के मेयर संजीव सिंह का खुला समर्थन प्राप्त था। पिछले सप्ताह ही वे डीसीए से निबंधित निरसा क्षेत्र के क्लब के अध्यक्ष बने और मौजूदा प्रबंध समिति को हटाने के अभियान में पूरी तरह से जुट गए। मेयर संजीव सिंह डीसीए का अध्यक्ष बनना चाहते हैं। 

अभिषेक कुमार सिंह बने कार्यकारिणी सदस्य 

अब डीसीए प्रबंध समिति ने पलटवार करते हुए सिंह मेंशन के विरोधी रघुकुल के अभिषेक कुमार सिंह को कार्यकारिणी सदस्य बनाकर इस संघर्ष को और तीखा कर दिया है। विदित हो कि संजीव सिंह और अभिषेक कुमार सिंह आपस में चचेरे भाई हैं और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से अदावत है।

खबरें और भी

अभिषेक कुमार सिंह के भाई पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या में संजीव सिंह जेल भी जा चुके हैं। हालांकि आठ साल जेल में रहने के बाद अदालत ने संजीव सिंह को तकनीकी कारणों से बरी कर दिया। धनबाद कोर्ट के फैसले को हाई कोर्ट रांची में चुनाैती दी गई है।  

इसके साथ ही मेयर संजीव सिंह के चचेरे भाई शशि सिंह की पत्नी आशनी सिंह को भी महिला क्रिकेट समिति का सदस्य बनाकर अलग संदेश देने का प्रयास किया गया है। फरवरी में हुए मेयर के चुनाव में आशनी सिंह भी मैदान में थीं। 

रिपोर्ट में दावा, 65 प्रतिशत हस्ताक्षर फर्जी

डीसीए की प्रबंध समिति की शनिवार को डीसीए कार्यालय में बैठक हुई। इसमें क्रिकेट के समग्र विकास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से कई निर्णय लिए गए।

अवधेश कुमार सिंह की ओर से डीसीए को विशेष आम सभा बुलाए जाने को लेकर भेजे गए पत्र को यह कहते हुए खारिज कर दिया गया कि इसमें कई सदस्यों के हस्ताक्षर फर्जी थे, कई ऐसे लोगों के हस्ताक्षर थे जो सदस्य ही नहीं थे।

संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि अवधेश कुमार सिंह की ओर से भेजे गए पत्र पर प्रबंध समिति की 26 जून को हुई बैठक में चर्चा हुई थी। बैठक में उस पत्र में सदस्यों के हस्ताक्षर की वैधता को लेकर संशय व्यक्त किया गया था।

संजीव झा की रिपोर्ट पर विशेष आम सभा बुलाने की मांग खारिज 

पत्र देने के तीन दिन के बाद स्वयं अवधेश कुमार सिंह ने ईमेल भेजकर स्वीकार किया था कि उस पत्र में दस सदस्यों के हस्ताक्षर वैध नहीं थे। इसपर समिति ने सदस्यों के हस्ताक्षर की वैधता की जांच कराने के लिए धनबाद प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव कुमार झा को अधिकृत किया था।

संजीव कुमार झा ने इसपर अपनी रिपोर्ट 16 जुलाई को सौंपी जिसमें यह कहा गया कि कई सदस्यों ने उसमें अपना फर्जी हस्ताक्षर होने की बात कही। कई क्लबों के प्रतिनिधियों के तौर पर जो हस्ताक्षर किए गए वे क्लब की ओर से प्राधिकृत ही नहीं थे।

एक ऐसे सदस्य के भी इसपर हस्ताक्षर मिले जो लंबे समय से विदेश में हैं। कुल मिलाकर 65 प्रतिशत सदस्यों के हस्ताक्षर में गड़बड़ी पाई गई। संजीव झा के जांच प्रतिवेदन के आधार पर अवधेश कुमार सिंह की मांग को अस्वीकृत कर दिया गया और इस संबंध में उन्हें रविवार को पत्र भेज भी दिया गया। 

महिला क्रिकेट एसोसिएशन गठित, डा. सरिता बनीं अध्यक्ष 

बैठक में कई और महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसमें धनबाद में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन देने और महिला क्रिकेटरों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला समिति का गठन किया गया।

Dr Sarita

समिति की अध्यक्ष डीपीएस की प्राचार्य डा. सरिता सिन्हा को बनाया गया जबकि पूनम शर्मा, आशनी सिंह, डा. नीतू सहाय, सोनाली सिंह, सुप्रिया कुमारी, कल्याणी सिन्हा, डा. रीना बर्णवाल और बिंदु सिंह को इसका सदस्य मनोनीत किया गया।

संतोष सिंह व दिवेन तिवारी पदमुक्त किए गए

बैठक में कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार सिंह एवं दिवेन तिवारी के आचरण एवं एसोसिएशन की गतिविधियों के प्रति उनके असहयोगात्मक रवैये को लेकर चर्चा की गई। प्रबंध समिति का मत था कि उनके व्यवहार से ऐसा लग रहा था कि उनका उस समिति पर विश्वास ही नहीं है, जिसके वे सदस्य हैं।

इससे लगता है कि वे कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्य करने के इच्छुक नहीं हैं और ऐसा माना जाता है कि उन्होंने अपना पद त्याग दिया है।

उनके स्थान पर अशोक सराफ और शिव शक्ति को तत्काल प्रभाव से कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा अभिषेक सिंह को भी कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।



Leave a Comment