FIFA World Cup 2026 के फाइनल का बुखार चढ़ा, केरल में सरकार ने कर दी छुट्टी की घोषणा


स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। केरल की फुटबॉल के प्रति दीवानगी ने रविवार को नई ऊंचाइयां छुई क्‍योंकि राज्‍य सरकार ने सोमवार को सभी शिक्षण संस्‍थानों के लिए छुट्टी की घोषणा की। इससे स्‍टूडेंट्स को फीफा वर्ल्‍ड कप फाइनल देखने का मौका मिलेगा।

छुट्टी में आम शिक्षा विभाग और उच्‍च शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले कॉलेज, यूनिवर्सिटी व पेशेवर संस्‍थान शामिल हैं। केरल के मुख्‍यमंत्री वीडी सतीशन ने फुटबॉल प्रशंसकों की सोशल मीडिया पर अपील को देखते हुए छुट्टी के निर्देश दिए।

भारत में कितने बजे शुरू होगा मैच

बता दें कि स्‍पेन और अर्जेंटीना के बीच फीफा वर्ल्‍ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे शुरू होगा। इस कारण स्‍टूडेंट्स को अगले दिन सुबह क्‍लास अटेंड करने में परेशानी होगी।

फुटबॉल की केरल में काफी लोकप्रियता है। यहां खेल के प्रति जुनून देखते ही बनता है। फैंस अपनी पसंदीदा टीम की जीत का जबरदस्‍त जश्‍न मनाते हुए नजर आते हैं। फीफा वर्ल्‍ड कप के दौरान केरल के शहर और गांव फुटबॉल एरीना में तब्‍दील होते हुए नजर आते हैं। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍टार्स के बड़े पोस्‍टर और कट-आउट सड़कों व मैदानों पर लगे हुए दिखते हैं।

केरल सरकार ने क्‍या कहा

केरल के उच्‍च शिक्षा मंत्री रोजी एम जॉन ने घोषणा की है कि पेशेवर कॉलेज व शिक्षण संस्‍थानों की सोमवार को छुट्टी रहेगी। उन्‍होंने कहा कि इस फैसले से स्‍टूडेंट्स को फुटबॉल के सबसे बड़े मुकाबले को देखने की सहूलियत मिलेगी।

आम शिक्षा मंत्री एन शम्‍सुद्दीन ने भी अपने अंतर्गत आने वाले विभाग के लिए सोशल मीडिया पोस्‍ट के जरिये छुट्टी की घोषणा की। उन्‍होंने पोस्‍ट में लिखा, ‘बच्‍चों अब खुश हो ना?’ उन्‍होंने कहा कि सरकार ने फुटबॉल प्रशंसक स्‍टूडेंट्स की भावनाओं की कद्र करते हुए यह फैसला लिया।



Leave a Comment