मैक्सिको में दहली धरती, 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप – mexico 7 magnitude earthquake hits puerto madero usgs ntc rlch


मैक्सिको के प्यूर्टो मादेरो के पास शुक्रवार को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र प्यूर्टो मादेरो के निकट था. USGS ने बताया कि भूकंप 10 किलोमीटर की उथली गहराई पर आया, जिसके कारण झटके काफी तेज महसूस किए गए. 

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भूकंप के झटके आसपास के कई इलाकों में भी महसूस किए गए. फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान या हताहतों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. स्थानीय प्रशासन स्थिति का आकलन कर रहा है और राहत एवं बचाव एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है.

संबंधित एजेंसियां यह भी आकलन कर रही हैं कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा है या नहीं. अधिकारियों की ओर से लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

 

इससे पहले गुरुवार को न्यूजीलैंड के साउथ आइलैंड में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.3 आंकी गई. अधिकारियों ने सुनामी की चेतावनी जारी की थी. जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र ते अनाउ शहर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर में था. यह इलाका फियोर्डलैंड जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल का प्रवेश द्वार माना जाता है.

गुजरात में तीन मिनट में दो झटके

वहीं भारत के गुजरात के कच्छ जिले में भी गुरुवार को तीन मिनट के भीतर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए. इंस्टीट्यूट ऑफ सीस्मोलॉजिकल रिसर्च (ISR), गांधीनगर के मुताबिक पहला झटका दोपहर 2:20 बजे 3.6 तीव्रता का था, जिसका केंद्र खावड़ा से 32 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था. इसके तीन मिनट बाद, 2:23 बजे 3.2 तीव्रता का दूसरा झटका आया, जिसका केंद्र धोलावीरा से 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर में दर्ज किया गया.

—- समाप्त —-



Leave a Comment