युवक की दुर्घटना में मौत: 50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग, आश्वासन पर बनी सहमति


Relatives of deceased and villagers staging protest

सड़क पर जाम कर प्रदर्शन करते मृतक के परिजन और ग्रामीण (ETV Bharat Bundi)

बूंदी: करवर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत के बाद बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर सैकड़ों लोग करवर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और सड़क जाम कर दी. करीब सात घंटे तक चले प्रदर्शन से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही. बाद में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की समझाइश तथा उचित सहायता का आश्वासन मिलने पर परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए, जिसके बाद गतिरोध समाप्त हो सका.

करवर थाना प्रभारी नरेश मीणा ने बताया कि केदारा की झोपड़ियां निवासी सुरेश बैरवा की मंगलवार रात एक ट्रैक्टर की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई थी. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन करवर थाने के बाहर एकत्रित हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई. मीणा ने बताया कि मृतक के पिता देवीशंकर बैरवा ने पुलिस को रिपोर्ट देकर कार्रवाई के साथ उचित मुआवजे की मांग की है. पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है.

पढ़ें: डूंगरपुर: बोलेरो ने 2 बाइक को मारी टक्कर, RAC के हेड कांस्टेबल समेत 3 की मौत

थाने से हटे, तो चौराहे पर डटे प्रदर्शनकारी: पुलिस ने जब समझाइश कर प्रदर्शनकारियों को थाने के बाहर से हटाया, तो वे करवर चौराहे पहुंच गए और फिर धरने पर बैठ गए. करीब तीन घंटे तक चौराहे पर नारेबाजी होती रही. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. नैनवां के उपखंड अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक ओम प्रकाश मीणा सहित बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और परिजनों से कई दौर की वार्ता की तथा सरकार की ओर से नियमानुसार हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया. इस दौरान केशवराय पाटन विधायक सीएल प्रेमी भी पहुंचे और घटना पर दुख जताते हुए सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिजनों को उचित सहायता देने की मांग का समर्थन किया.

पढ़ें: जैसलमेर में दर्दनाक हादसा: रामदेवरा में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, पानी के टांके में मिले शव

8 घंटे बाद आश्वासन के बाद माने परिजन: करीब 8 घंटे तक चले गतिरोध के बाद प्रशासन के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी शांत हुए. इसके बाद परिजन युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सहमत हो गए. थाना प्रभारी ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया. थाना प्रभारी नरेश मीणा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. ट्रैक्टर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया है कि पात्रता के अनुसार मृतक के परिवार को उपलब्ध सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.



Leave a Comment