
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र को आत्मसात कर हमारी सरकार प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रही है। किसान, महिला, युवा, मजदूर सहित प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं बनाई गई हैं और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार धौलपुर जिले के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। विगत ढाई साल में धौलपुर जिले में लगभग दो हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। हम जनता की सुनते हैं इसलिए ना तो काम की कमी है और ना ही बजट की। मुख्यमंत्री मंगलवार को धौलपुर के राजाखेड़ा की फूलपुर ग्राम पंचायत में लोकार्पण-शिलान्यास समारोह एवं जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 177 करोड़ रुपये के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 155 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कार्यों का लोकार्पण तथा 21 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कार्यों का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की जनता को पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार सहित सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवा रही है। किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए पीएम किसान सम्मान निधि के साथ ही तीन हजार रुपये अतिरिक्त देने का काम किया है। वहीं, आज किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ मिल रहा है। साथ ही, 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी, गंगनहर, देवास, सोम कमला अंबा, माही बांध जैसी विभिन्न परियोजनाओं के जरिए प्रदेश को जल आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य की राह प्रशस्त कर रही है। सिर्फ ढाई वर्ष में ही 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी की सौगात मिली है। वहीं, 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है तथा 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। साथ ही, निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित राजस्थान का संकल्प साकार हो रहा है। अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को सशक्त एवं समृद्ध करने का काम विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किया जा रहा है। साथ ही, महिलाओं, युवाओं सहित प्रत्येक वर्ग के सपनों को साकार किया जा रहा है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाया गया है।