झारखंड राज्य कुश्ती संघ की स्पेशल जनरल बॉडी की बैठक (ETV Bharat)
रांची: झारखंड राज्य कुश्ती संघ की स्पेशल जनरल बॉडी की बैठक रविवार को रांची में संघ के उपाध्यक्ष अमरनाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई.
इस बैठक में राष्ट्रीय खेल अधिनियम-2025, राष्ट्रीय खेल नीति तथा भारतीय कुश्ती संघ के नियमों के अनुरूप तैयार किए गए झारखंड राज्य कुश्ती संघ के नए बायलॉज को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई. इसके साथ ही वर्ष 2026-30 कार्यकाल के लिए संघ का आम चुनाव कराने का भी प्रस्ताव पारित किया गया.
बैठक में राज्य के सभी 24 जिलों से एक-एक महिला और एक-एक पुरुष प्रतिनिधि ने भाग लिया. इसके अलावा झारखंड राज्य कुश्ती संघ की कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे. बैठक के दौरान नए बायलॉज के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई और उन्हें सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया.
यह भी निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय खेल अधिनियम-2025 के प्रावधानों के अनुरूप संघ का चुनाव कराया जाएगा. इसके लिए जिला इकाइयों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी-अपनी कार्यकारिणी का गठन करने का निर्देश दिया गया है. पदाधिकारियों का मानना है कि नए संविधान और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था से राज्य में कुश्ती खेल को नई दिशा मिलेगी तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे.
झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय खेल नीति-2025 और भारतीय कुश्ती संघ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नए बायलॉज तैयार किए गए हैं. सभी जिला इकाइयों को खेल नीति के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए अधिक से अधिक खिलाड़ियों और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए. प्रत्येक जिला जल्द से जल्द अपना चुनाव कर कार्यकारिणी समिति का गठन करे, ताकि राज्य संघ का चुनाव भी समयबद्ध तरीके से कराया जा सके.
उन्होंने कहा कि नए बायलॉज लागू होने के बाद संघ का संचालन पूरी तरह राष्ट्रीय खेल शासन व्यवस्था के अनुरूप होगा. इससे संगठन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता मिलेगी. बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने झारखंड में कुश्ती के विकास के लिए मिलकर कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया.
इसे भी पढ़ें- U-17 राष्ट्रीय रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता: झारखंड की प्रियंका महतो ने जीता पदक
इसे भी पढ़ें- एशियन गेम्स ट्रायलः झारखंड के तीन पहलवान का चयन, पहली बार सीनियर स्तर के ट्रायल में बनाई जगह
इसे भी पढ़ें- अंडर- 23 एशियाई कुश्ती: झारखंड के अमित गोप के चयन से खुशी की लहर