रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की अटकलें तेज होती जा रही है। रिपोर्ट्स हैं कि तीसरे वनडे से पहले उनके माता-पिता लंदन पहुंच गए हैं। बता दें, कयास लगाए जा रहे हैं कि रोहित का यह आखिरी मैच हो सकता है।
इंडिया वर्सेस इंग्लैंड तीन मैच की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाना है। रोहित शर्मा के फैंस के लिए यह एक भावुक पल हो सकता है क्योंकि रिपोर्ट्स हैं कि हिटमैन का नीली जर्सी में यह आखिरी मुकाबला हो सकता है। हालांकि ना तो अभी तक रोहित शर्मा की तरफ से और ना ही चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट की तरफ से इस मुद्दे पर कोई बयान आया है। मगर इन अटकलों को तेजी तब मिली जब पता चला कि रोहित शर्मा के माता पिता लंदन पहुंच गए हैं। आमतौर पर रोहित के पेरेंट्स मैदान पर उनका मैच देखने के लिए नहीं आते हैं।
CREX की रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा के माता-पिता रिटायरमेंट की अफवाहों के बीच पहले ही लंदन पहुंच चुके हैं। रिपोर्ट में आगे दावा किया गया कि सीनियर बैट्समैन ने अपने भविष्य के लिए सिलेक्टर्स के प्लान के बारे में जानने के बाद अपने माता-पिता के लिए लॉर्ड्स ODI में आने का इंतजाम कर लिया था।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में रोहित शर्मा का प्रदर्शन
रोहित शर्मा का प्रदर्शन अभी तक हुए दो मैचों में निराशाजनक रहा है। पहले वनडे में वह 21 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। वहीं दूसरे मुकाबले में उन्होंने 26 रन बनाने के लिए 47 गेंदें ली, जिसमें उनके बल्ले से एक चौका और एक छक्का निकला।
रोहित शर्मा के पिछले 8 वनडे मुकाबलों की बात करें तो उन्होंने 33 की औसत के साथ 241 रन ही बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट सबसे बड़ी चिंता की वजह रहा है। हिटमैन का स्ट्राइक रेट इस दौरान 88.6 का था। कुछ क्रिकेट पंडितों के अनुसार यह स्ट्राइक रेट ही रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की वजह बन रहा है।
यशस्वी जायसवाल ले सकते हैं जगह
भारत को 2027 वर्ल्ड कप से पहले लगभग 20 वनडे और खेलने हैं। चयनकर्ता और टीम मैनेचमेंट चाहता है कि इस बड़े टूर्नामेंट से पहले नए खिलाड़ी को ज्यादा से ज्यादा मौके मिले। यशस्वी जायसवाल रोहित शर्मा के रिप्लेसमेंट के प्रबल दावेदार हैं। उन्होंने पिछली तीन वनडे पारियों में दो शतक लगाए हैं।
भारत को अगला वनडे सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है। जायसवाल की इस सीरीज से वनडे टीम में एंट्री हो सकती है।
वहीं बात विराट कोहली की करें तो फिलहाल वह वर्ल्ड कप 2027 प्लान का हिस्सा हैं। इंग्लैंड दौरे पर पहले वनडे में फेल होने के बाद उन्होंने दूसरे मैच में फिफ्टी ठोक वापसी की। उम्मीद है कि वह लॉर्ड्स वनडे में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।