वनडे में इंग्लैंड की धरती पर कैसा है रोहित शर्मा और विराट कोहली का रिकॉर्ड? आंकड़े देख खुश हो जाएंगे फैंस


टी20 सीरीज हारने के बाद भारतीय टीम का फोकस अब वनडे सीरीज पर है. भारत और इंग्लैंड की 3 मैचों की वनडे सीरीज 14 जुलाई-19 जुलाई तक चलेगी. विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ियों पर भारतीय टीम की साख बचाने की जिम्मेदारी होगी, क्योंकि यूके टूर पर भारत अब तक एक भी मैच नहीं जीत सका है.

खासतौर पर रोहित शर्मा और विराट कोहली पर सबकी नजरें टिकी होंगी, क्योंकि दोनों अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेलते हैं. इस बार सामने इंग्लैंड की कंडीशंस होंगी, जहां स्विंग और तेज उछाल के सामने अच्छे-अच्छे बल्लेबाज मात खा जाते हैं. मगर विराट और रोहित यूं ही महान नहीं बने हैं, उन्होंने विरोधी गेंदबाजों को उन्हीं के घर में बहुत बार पीटा है. यहां देख लीजिए कि भारत के इन दोनों दिग्गजों का इंग्लैंड की धरती पर रिकॉर्ड कैसा है.

इंग्लैंड की पिटाई पक्की

वनडे में इंग्लैंड जाकर रोहित शर्मा गेंदबाजों की खूब पिटाई करते हैं. इंग्लैंड की धरती पर अब तक रोहित ने 27 मुकाबलों में 64.91 के बेहतरीन औसत से 1428 रन बनाए हैं. किसी विदेशी बल्लेबाज द्वारा इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के ही नाम है. इंग्लिश कंडीशंस में अब तक ‘हिटमैन’ ने 7 शतक और 7 फिफ्टी लगाई हैं.

दूसरी ओर विराट कोहली भी इंग्लैंड जाकर गेंदबाजों की पिटाई करने में पीछे नहीं हैं. इंग्लैंड की धरती पर विराट का औसत 51.88 का है और यहां उन्होंने 33 मुकाबलों में 1349 रन बनाए हैं. इंग्लैंड जाकर किसी विदेशी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट, रोहित के बाद दूसरे स्थान पर हैं. विराट का यहां कन्वर्जन रेट अच्छा नहीं रहा है, क्योंकि यहां उन्होंने सिर्फ एक शतक, लेकिन 12 फिफ्टी लगाई हैं.

यह भी पढ़ें: ‘बैजबॉल’ युग का अंत, स्टोक्स के बाद ब्रेंडन मैकुलम भी इंग्लैंड टेस्ट टीम से हटे; जानें कैसा रहा रिजल्ट

कब-कब होंगे भारत-इंग्लैंड के वनडे मैच?

भारत और इंग्लैंड की वनडे सीरीज 14 जुलाई से शुरू होगी, पहला मैच 14 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाएगा. दूसरा वनडे मैच 16 जुलाई को कार्डिफ और आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा

यह भी पढ़ें:

ICC की सालाना मीटिंग से आए 4 बड़े अपडेट, क्या वनडे मैच अब होंगे 40 ओवर के? क्या-क्या फैसले लिए गए



Leave a Comment