Cheharta-varanasi Vande Bharat Sleeper To Run From July 17; Pm To Inaugurate It Virtually. – Varanasi News


छेहर्टा और वाराणसी के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का संचालन अब 17 जुलाई से शुरू होगा। रेलवे ने पहले 12 जुलाई से प्रस्तावित इस ट्रेन की शुरुआत की तिथि संशोधित कर दी है। ट्रेन का नाम संत रविदास एक्सप्रेस रखा गया है। इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। इसी दिन जालंधर के नवनिर्मित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन भी प्रस्तावित है।

निर्धारित समय के अनुसार छेहर्टा-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस (14624) प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2:05 बजे छेहर्टा से रवाना होगी। ट्रेन 2:25 बजे अमृतसर पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद 2:30 बजे वाराणसी के लिए रवाना होगी। अगले दिन सुबह 7:25 बजे लखनऊ और दोपहर 12:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

वापसी में वाराणसी-छेहर्टा संत रविदास एक्सप्रेस (14623) प्रत्येक गुरुवार, शनिवार और सोमवार को शाम 7:50 बजे वाराणसी से रवाना होगी। ट्रेन रात 12:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी और अगले दिन शाम 4:35 बजे अमृतसर और शाम 5:10 बजे छेहर्टा पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में यह ट्रेन अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इस नई सेवा से पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा। यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और सीधी यात्रा का विकल्प मिलेगा।



Leave a Comment