नई दिल्ली। 9 जुलाई को शेयर बाजार (Share Market Opening) की शुरुआत तेजी के साथ हुई। बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी लगभग 0.7% की बढ़त के साथ खुले। बाजार में यह तेजी अमेरिकी सेना के बयान के बाद आई है, जिसमें कहा गया कि ईरान पर हमलों का मकसद अहम ‘स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़’ को शिपिंग के लिए खुला रखना है।
सुबह 9:30 बजे, सेंसेक्स 510.62 अंक या 0.67% बढ़कर 77,014.22 पर और निफ्टी 155.00 अंक या 0.65% बढ़कर 24,037.05 पर था। लगभग 2,246 शेयरों में बढ़त हुई, 617 शेयरों में गिरावट आई और 151 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
Nifty50 के टॉप गेनर और लूजर
आज के कारोबारी सत्र में निफ्टी50 का एडवांस-डिक्लाइन रेशियो 37:13 है यानी इंडेक्स के 37 शेयरों में खरीदारी, जबकि 13 में बिकवाली हावी है। निफ्टी के टॉप गेनर में इटरनल, भारती एयरटेल, सन फार्मा, नेस्ले इंडिया और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स हैं। वहीं, टॉप लूजर में इंफोसिस, हिंडाल्को, डॉ रेड्डीज, टीसीएस और एचसीएल टेक शामिल हैं।
बाजार में सबसे ज्यादा तेजी कंज्यूमर ड्यूरबेल्स शेयरों में दिख रही है और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 2.22 फीसदी चढ़ गया। इसके अलावा, रियल्टी, हेल्थकेयर, मीडिया, इंफ्रा और एफएमसीजी शेयरों में भी तेजी देखने को मिल रही है।
खबरों वाले शेयर
खबरों के लिहाज से 9 जुलाई को टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़, एसबीआई, फ़ीनिक्स मिल्स, SML महिंद्रा, JSW एनर्जी, ग्रेफ़ाइट इंडिया, नेशनल एल्युमीनियम कंपनी और कैप्रि ग्लोबल कैपिटल जैसे शेयरों में एक्शन नजर आ रहा है।
दरअसल, आज टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आनंद राठी वेल्थ, एशियन होटल्स, क्यूपिड ब्रुअरीज एंड डिस्टिलरीज, आइमको एलेकॉन, जीएम ब्रुअरीज, गुजरात होटल्स और सुप्रीम इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया आज अपनी तिमाही कमाई के नतीजे जारी करेंगी।
टाटा स्टील ने Q1 बिजनेस अपडेट में बताया कि भारत का कच्चा स्टील उत्पादन 11.3% बढ़कर 5.82 मिलियन टन (MT) हो गया, जो पहले 5.23 MT था। भारत में कच्चे स्टील की डिलीवरी की मात्रा 8.84% बढ़कर 5.17 MT हो गई, जो पहले 4.75 MT थी।