सचिन तेंदुलकर-सुनील गावस्कर भी थे सर गैरी सोबर्स के फैन, महानतम खिलाड़ी के निधन पर हुए इमोशनल, Cricket Hindi News


सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर ने महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है।

क्रिकेट के इतिहास के महानतम हरफनमौला माने जाने वाले सर गारफील्ड सोबर्स का शुक्रवार को बारबाडोस में 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह 11 दिन बाद अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे। वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स के निधन के साथ क्रिकेट जगत शोक में डूब गया। क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर और दिग्गज सुनील गावस्कर ने उन्हें श्रृद्धांजलि दी है। सचिन ने उनसे पहली और आखिरी बार हुई मुलाकात का जिक्र किया है, तो वहीं सुनील गावस्कर ने इसे क्रिकेट के लिये सबसे दुखद दिन बताया है।

सचिन तेंदुलकर ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट

सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, ”यह स्वीकार करना वास्तव में बहुत कठिन है कि सर गैरी अब हमारे बीच नहीं हैं। मुझे वो सब याद आ रहा है जो हमने पिछले कई सालों में साथ शेयर की हैं। 2003 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड देने से लेकर, शतक पूरा करने पर उनके द्वारा सम्मानित किए जाने और उपलब्धि पर मुझे बधाई देते हुए इतने गर्मजोशी भरे शब्द कहने तक, वे हमेशा बहुत विनम्र और दयालु थे। मेरा मन बार-बार उन दिनों में चला जाता है जब हम कुछ साल पहले लंदन में मिले थे। हम बस बैठकर खेल के बारे में बातें कर रहे थे, और अब यह एहसास मुझे बहुत गहराई से परेशान कर रहा है कि वह हमारी आखिरी मुलाकात थी। वह सचमुच अद्वितीय थे। बहुत याद आएगी। आपकी आत्मा को शांति मिले सर गैरी।”

सारी यादें जेहन में घूम रही है

गावस्कर ने कहा ,” यह क्रिकेट के लिये सबसे दुखद दिन है। इस धरती के सबसे महान क्रिकेटर ने हमसे विदा ली। कोई भी शब्द क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स के बारे में बयां करने के लिये काफी नहीं है।” उन्होंने कहा ,” जब बच्चे के रूप में हमने बल्ला या गेंद पकड़ा था तो जैसा बनने का हम सपना देखते थे, वह वैसे ही थे ।” उन्होंने कहा ,” सारी यादें जेहन में घूम रही है और हमेशा मेरे दिल में रहेंगी । ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे सर गारफील्ड। आप हमारे दिलों में हमेशा रहेंगे।”

खेल के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडरों में से एक सोबर्स ने मार्च 1954 से अप्रैल 1974 के बीच 93 टेस्ट मैच खेले और 57.78 की औसत से 8,032 रन बनाए, जिसमें 26 शतक और 30 अर्धशतक शामिल थे। वेस्टइंडीज के इस बेजोड़ दिग्गज की अद्वितीय ऑलराउंड क्षमता, शानदार कौशल और खेल पर असाधारण प्रभाव ने उन्हें क्रिकेट इतिहास के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में स्थान दिलाया। वह 89 वर्ष के थे और उनके निधन के साथ ऐसी विरासत का अंत हुआ जो कई पीढ़ियों तक प्रेरणा देती रहेगी। पूर्व वेस्टइंडीज कप्तान के निधन की पुष्टि उनके बेटे डेनियल ने की। सोबर्स का जन्म 1936 में बारबाडोस के ब्रिजटाउन में हुआ था।



Leave a Comment