सरकारी नौकरियों की रफ्तार होगी तेज: रोजगार उत्सव में हजारों युवाओं को मिलेगा नियुक्ति का तोहफा


CS reviewing progress of recruitment examinations

भर्ती परीक्षाओं की प्रगति की समीक्षा करते मुख्य सचिव (Source – DIPR)

जयपुर: प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार आगामी रोजगार उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपने की तैयारी में जुट गई है. इसी उद्देश्य से मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने गुरुवार को शासन सचिवालय में वर्ष 2026 के भर्ती परीक्षा कैलेंडर, विभागवार भर्ती प्रगति तथा रोजगार उत्सव में संभावित नियुक्तियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में कार्मिक सहित कई विभागों प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे, तो वहीं राज्य लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन बोर्ड के पता प्रमुख अधिकारी वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए बैठक से जुड़े.

बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए और पात्र अभ्यर्थियों को बिना किसी अनावश्यक देरी के सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाए. मुख्य सचिव ने कहा कि युवाओं को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा दस्तावेज सत्यापन, परीक्षा परिणाम जारी करने और नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC), राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि सभी भर्ती प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी हो सकें.

पढ़ें: पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली रखी जयपुर मेट्रो फेज 2 की नींव, वसुंधरा बोलीं- मोदी ने जो कहा, वो किया; नियुक्ति पत्र भी बांटे

बैठक के दौरान राज्य में चल रही प्रमुख भर्ती प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की गई. इनमें 24,752 सफाई कर्मचारी, 10,644 कनिष्ठ सहायक एवं क्लर्क ग्रेड-II, 6,000 पुलिस कांस्टेबल, 3,500 शिक्षण सहयोगी, 3,430 ग्राम विकास अधिकारी, 3,000 जूनियर टेक्निकल सुपरवाइजर (जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग), 2,000 नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कर्मचारी, 1,548 आयुष विभाग, 1,100 कृषि पर्यवेक्षक, 1,100 पशु चिकित्सा अधिकारी, 1,059 सहायक अभियंता तथा 774 जूनियर अभियंता सहित विभिन्न विभागों की भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति, परीक्षा कार्यक्रम, परिणाम, दस्तावेज सत्यापन और आगामी कार्ययोजना का विस्तार से आकलन किया गया.

पढ़ें: राजस्थान पुलिस में पांच यंग प्रोफेशनल्स की होगी भर्ती, जानिए कितना मिलेगा वेतन और क्या होगी योग्यता

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से आगामी रोजगार उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अंतिम चरण में पहुंच चुकी किसी भी भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती, शिक्षक ग्रेड-III, संस्कृत शिक्षा विभाग की शिक्षक भर्ती, पुस्तकालयाध्यक्ष, जेल प्रहरी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) तथा बस परिचालक सहित अन्य भर्तियों की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि रोजगार उत्सव के दौरान अधिकतम पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जा सकें.

पढ़ें: 200 से अधिक मेडलिस्ट खिलाड़ियों को जल्द मिल सकती है आउट ऑफ टर्न नियुक्ति, फाइल तैयार

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है. सरकार का उद्देश्य केवल भर्ती परीक्षा आयोजित करना नहीं, बल्कि योग्य युवाओं को जल्द से जल्द नियुक्ति देकर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना है.



Leave a Comment