सुपौल में खूनी खेल! रास्ते में घेरकर 20 साल के नीतीश के काट डाले दोनों हाथ, अस्पताल में तड़प-तड़पकर चली गई जान


जागरण संवाददाता, सुपौल। बिहार के सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक बेहद रूह कंपा देने वाली और सनसनीखेज खूनी वारदात सामने आई है। यहाँ धौरे-कटैया गांव (वार्ड नंबर 17) में शुक्रवार की दोपहर महज दो कट्ठा जमीन के मामूली विवाद में एक युवक की बर्बरता से हत्या कर दी गई। दबंगों ने धारदार दबिया (हथियार) से हमला कर युवक के दोनों हाथ काट डाले, जिसकी बाद में इलाज के दौरान तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

दवा लेकर घर लौट रहे नीतीश को रास्ते में घेरा

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, धौरे-कटैया गांव के ही रहने वाले राम बहादुर यादव और रविन्द्र यादव के बीच काफी समय से दो कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस जमीन को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच कई बार हिंसक झड़प और तीखी गाली-गलौज हो चुकी थी, लेकिन शुक्रवार को दुश्मनी की सारी हदें पार हो गईं। दोपहर करीब 12 बजे राम बहादुर यादव का 20 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार बाजार से दवा लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया।

दबिया के वार से शरीर से अलग हो गया दायां हाथ

रविन्द्र यादव और उसके परिवार के लोगों ने नीतीश को अपने घर के पास दबोच लिया और बिना कुछ कहे धारदार दबिया से उस पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमलावरों ने क्रूरता दिखाते हुए नीतीश के दोनों हाथों पर सीधे प्रहार किए, जिससे उसका दायां हाथ पूरी तरह कटकर शरीर से अलग होकर जमीन पर गिर गया। वहीं उसका बायां हाथ भी कटकर चमड़ी के सहारे बेहद कम हिस्से से अटका रह गया, जिससे लहूलुहान नीतीश वहीं गिरकर चीखने लगा और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

निजी क्लीनिक में तोड़ा दम, गांव में भारी तनाव

चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल नीतीश को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। इसके बाद बदहवास परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में ले गए, लेकिन शरीर से अत्यधिक खून बह जाने के कारण उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, दोनों पक्षों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया, जिसे देखते हुए सदर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार का बयान दर्ज किया है।

जल्द होगी गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल से मिलेगी सजा: एसपी

घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल (FSL) की वैज्ञानिक टीम ने साक्ष्य संकलित कर लिए हैं, वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल के पुलिस अधीक्षक (SP) शरथ आर. एस. ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पूरी तरह से भूमि विवाद का लग रहा है। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है, जल्द ही सभी को दबोचकर स्पीडी ट्रायल के जरिए कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।



Leave a Comment