पंचकूला: हरियाणा सरकार ने प्रदेश के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी की सौगात दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय इंडक्शन कार्यक्रम में ग्रुप-डी के 3,056 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया है, जिससे योग्य युवाओं को बिना किसी सिफारिश और भ्रष्टाचार के सरकारी सेवा में अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके हाथों में पहुंचा नियुक्ति पत्र केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, संघर्ष और उनके माता-पिता के त्याग का सम्मान है। उन्होंने कहा कि आज हजारों परिवारों के सपने साकार हुए हैं और यह ईमानदार व्यवस्था पर जनता के विश्वास की जीत भी है।
‘जनसेवा को बनाएं अपना पहला दायित्व’
सीएम नायब सैनी ने कहा कि नौकरी मिलने की खुशी के साथ अब सभी युवाओं की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने नवचयनित कर्मचारियों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और पूरी निष्ठा, ईमानदारी तथा समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी कर्मचारी जनता और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए उनकी कार्यशैली पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए।
‘खर्ची-पर्ची नहीं, योग्यता से मिली नौकरी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रुप-डी के सभी 3,056 अभ्यर्थियों का चयन पूरी तरह मेरिट और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर हुआ है। उन्होंने कहा, “हर ख्वाब को हकीकत मिली है, हर आंख में उजाला है। मेहनत करने वाले हर युवा का अब अपना बुलंद सितारा है। यहां खर्ची नहीं चली, पर्ची नहीं चली, ईमानदारी से नौकरी मिली है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर योग्य युवा को उसकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर अवसर उपलब्ध कराना है। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सामाजिक न्याय को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं का सरकार पर विश्वास भी बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी नवचयनित कर्मचारी अपने कार्यों के माध्यम से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे और हरियाणा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।