होर्मुज में टाइटैनिक की तरह दो हिस्सों में टूटा और डूबने लगा जहाज… VIDEO – Hormuz Vessel Luni sinking off the coast Bandar Abbas Iran US Titanic ntc rttm


ईरान के बंदर अब्बास तट के पास एक पुराना मालवाहक जहाज लूनी (Luni) बीच से दो हिस्सों में टूट गया है और आंशिक रूप से समुद्र में डूब गया है. यह हादसा होर्मुज में ऐसी जगह हुआ, जहां इस समय सैन्य तनाव और संघर्ष जारी है.

रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना 14 जुलाई को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब दो बजे केशम द्वीप के उत्तर में हुई. यह जहाज 32 साल पुराना है. इस हादसे के बाद जहाज में सवार सभी 23 विदेशी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है.

बताया गया कि इस जहाज की दूसरे जहाज से टक्कर हो गई, जिससे जहाज के बीच वाले हिस्से को गंभीर नुकसान पहुंचा और उसमें तेजी से पानी भरने लगा. स्थिति बिगड़ने पर जहाज के कप्तान ने चालक दल को तुरंत जहाज छोड़ने का आदेश दिया.

फिलहाल जहाज का बीच का हिस्सा पूरी तरह पानी में डूब चुका है, जबकि उसका अगला हिस्सा (Bow) और पिछला हिस्सा (Stern) पानी से बाहर तेज़ कोण पर दिखाई दे रहे हैं. एमआरसीसी की निगरानी में एक पायलट बोट और टगबोट मौके पर भेजी गईं. बचाव अभियान के दौरान सभी 23 नाविकों को सुरक्षित निकालकर केशम द्वीप पहुंचाया गया. 

ईरानी मीडिया के अनुसार, चालक दल के सभी सदस्य विदेशी नागरिक थे. शिपिंग सूत्रों और घटनास्थल के वीडियो से जहाज की पहचान ‘लूनी’ के रूप में हुई. फुटेज में जहाज के बीच का हिस्सा पानी में डूबा दिखाई देता है, जबकि उसका आगे और पीछे का हिस्सा पानी के ऊपर नजर आ रहा है.

बता दें कि लूनी जहाज का निर्माण 1994 में हुआ था. इस पर सेंट किट्स एंड नेविस का झंडा लगा हुआ था. इसकी डेडवेट क्षमता 43,108 टन है, जबकि इसकी लंबाई 184.99 मीटर और चौड़ाई 30.5 मीटर है. जहाज का स्वामित्व और प्रबंधन तुर्किये के मर्सिन स्थित लोरा शिपिंग के पास दर्ज है.

जहाज के डूबने के कारणों पर अभी तक कोई आधिकारिक रिपोर्ट जारी नहीं हुई है. हालांकि, शुरुआती और अपुष्ट रिपोर्टों के अनुसार कुछ दिन पहले इसकी एक अन्य व्यापारी जहाज से टक्कर हुई थी इस टक्कर में जहाज के ढांचे को नुकसान पहुंचा, जो समय के साथ बढ़ता गया और जहाज बीच से टूटकर गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गया.

ईरानी अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल और समुद्री विशेषज्ञ अभी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और जहाज की स्थिति का आकलन कर आगे की कार्रवाई तय कर रहे हैं.

—- समाप्त —-



Leave a Comment