60000 युवाओं को नौकरी, किसानों और महिलाओं पर भी फोकस; नायब सिंह सैनी ने गिनाए हरियाणा सरकार के काम, Ncr Hindi News


हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने ‘हिन्दुस्तान’ अखबार को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अपनी सरकार के 21 महीने के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड सामने रखा। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ महिलाओं और किसानों के लिए अपनी योजनाओं को बताया। 

हरियाणा में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार 21 माह का कार्यकाल पूरा कर चुकी है। मुख्यमंत्री का दावा है कि उनकी सरकार ने हर मोर्चे पर बेहतर कार्य करने का प्रयास किया। उनका कहना है कि राज्य सरकार 60 हजार से अधिक युवाओं को बिना खर्ची और पर्ची (बिना भ्रष्टाचार और सिफारिश) के नौकरी दे चुकी है। चुनाव में लिए गए 217 संकल्पों में से 66 संकल्प पूरे हो चुके हैं। सरकार के कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के एडिटर एनसीआर (अर्बन अफेयर्स) निशांत कौशिक ने विशेष बातचीत की। पेश हैं बातचीत के प्रमुख अंश…

●सरकार का 21 माह का कार्यकाल पूरा हुआ है, आपकी सरकार की मुख्य उपलब्धियां क्या रही हैं?

भाजपा सरकार ने हर मोर्चे पर काम किया। शिक्षा,स्वास्थ्य और बुनियादी विकास सरकार के प्राथमिक क्षेत्र रहे। हरियाणा के सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों को फ्री डायलिसिस की सुविधा मिल रही है तथा अन्य बीमारियों के लिए भी बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में सुपर 100 सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विकास की नई योजनाएं निरंतर लागू की जा रही हैं। संकल्प पत्र के 217 संकल्पों में से 66 पूरे हो चुके हैं और शेष 151 पर कार्य जारी है।

●युवाओं को रोजगार देने का जो वादा आपने चुनाव के दौरान किया था, वह कितना पूरा हो सका है?

युवाओं को रोजगार देना हमारी प्राथमिकता थी। मैंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले ही 25 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे थे। अब तक हम 60 हजार से अधिक युवाओं को नौकरियां दे चुके हैं। आज (शुक्रवार) जब हम बातचीत कर रहे हैं, तब भी 1500 शिक्षकों को नौकरी दी गई। यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही है, जिसमें कोई खर्ची या पर्ची नहीं चली है। भविष्य में भी युवाओं को इसी पारदर्शिता से अवसर मिलते रहेंगे।

●किसानों के कल्याण के लिए आपकी सरकार ने क्या कदम उठाए हैं?

प्रदेश सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। हरियाणा देश का पहला राज्य बना है, जो 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद रहा है। इसका सीधा लाभ प्रदेश के किसानों को मिल रहा है। इसके अतिरिक्त भी किसान कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

●महिलाओं के सशक्तिकरण और सहायता के लिए सरकार की क्या योजनाएं हैं?

लाडो लक्ष्मी योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। हर घर गृहिणी योजना के अंतर्गत 13 लाख से अधिक गरीब परिवारों को ₹500 रुपये में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा विधवा एवं निराश्रित महिला पेंशन, लाडली सामाजिक सुरक्षा भत्ता और मातृत्व लाभ योजना जैसी योजनाओं का लाभ भी पारदर्शी तरीके से दिया जा रहा है।

●सुपर 100 योजना क्या है और आप इसे सरकार की बड़ी उपलब्धि क्यों मानते हैं?

सुपर 100 योजना हरियाणा सरकार की सबसे महत्वपूर्ण पहलों में से एक है। इस योजना ने गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों के उच्च शिक्षा के सपने को साकार किया है। इस योजना के तहत सभी सरकारी स्कूलों के होनहार विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष कोचिंग दी जाती है। इसी का परिणाम है कि इस वर्ष केवल नीट में ही सरकारी स्कूलों के 62 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की, जिनमें 39 छात्राएं हैं। इनमें से पांच बच्चों ने 600 से अधिक और 18 बच्चों ने 550 से अधिक अंक प्राप्त किए। इसके अलावा 272 विद्यार्थी एनआईटी, आईआईटी और आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित हुए।

●नई शिक्षा नीति को लेकर उठ रहे सवालों और दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शनों पर आपकी क्या राय है?

नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में किए गए सुधार अभूतपूर्व हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दृष्टिकोण को साकार करते हैं कि हर युवा के हाथ में डिग्री के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल भी हो। विकसित भारत का संकल्प युवाओं के कौशल के बल पर ही पूरा होगा। विपक्ष के पास कोई ठोस नीति या मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे छात्रों को भ्रमित कर भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा सरकार युवाओं के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उनके लिए लगातार काम कर रही है।

●हाल ही में बारिश के दौरान गुरुग्राम से जलभराव के वीडियो वायरल हुए थे, इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या किया जा रहा है?

गुरुग्राम में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए निरंतर काम किया गया है, जिससे स्थिति में सुधार हुआ है। भारी बारिश का पानी लगभग दो घंटे में उतर गया था, लेकिन यातायात बाधित होने से समस्या बड़ी दिखाई दी। इसके स्थायी समाधान के लिए निचले (लो-लाइंग) इलाकों के लिए अलग ड्रेन बनाने की डीपीआर तैयार कराई जा रही है। पुराने नालों की सफाई की जा रही है और वॉटर रिचार्ज वेल दुरुस्त किए गए हैं ताकि बारिश का पानी सीधे भूजल में जा सके।

●गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने की क्या योजना है?

ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पुलिस प्रशासन को अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर एक विस्तृत और अध्ययन-आधारित योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस योजना पर तेजी से काम चल रहा है।

●फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद मार्ग का काम लंबे समय से अटका हुआ है, यह कब तक पूरा होगा?

एफएनजी एक्सप्रेसवे एक बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे उत्तर प्रदेश और हरियाणा दोनों राज्यों को लाभ होगा। भूमि अधिग्रहण के विवादों के कारण यह परियोजना रुकी हुई थी। अब काफी जमीन अधिग्रहीत की जा चुकी है और शेष भूमि का अधिग्रहण भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पारदर्शी प्रक्रिया के लिए इसे ई-भूमि पोर्टल पर भी अपलोड किया है।

●ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट गुरुग्राम को किस प्रकार नई पहचान दिलाएगा?

गुरुग्राम में 1,000 एकड़ में विकसित होने वाली ग्लोबल सिटी एक ड्रीम प्रोजेक्ट है। यह रोजगार और निवेश का बड़ा केंद्र बनने के साथ-साथ शहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान देगी। मैं स्वयं प्रति माह इस परियोजना की समीक्षा करता हूं। इस योजना से पांच लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। निवेशकों की सुविधा के लिए 14 दिनों के भीतर एनओसी जारी करने का प्रावधान किया गया है और किसी आपत्ति की स्थिति में भी अधिकतम 30 दिनों में स्वीकृति दी जाएगी।

●पंजाब में आपकी बढ़ती गतिविधियों और निरंतर दौरों का क्या कारण है?

पंजाब हमारा पड़ोसी राज्य है और वहां के लोगों के स्नेह और निमंत्रण पर मैं वहां जाता हूँ। यह मेरी व्यक्तिगत यात्राएं हैं। हरियाणा से सटे पंजाब के सीमावर्ती गांवों के लोग तो कई बार अपने गांवों को हरियाणा में शामिल करने तक की मांग कर चुके हैं। पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और वहां अगली सरकार भाजपा की बनेगी।

●हरियाणा में विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर आपका क्या कहना है?

विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वे तथ्यों पर आधारित संवाद करने से बचते हैं। विपक्ष को यह बताना चाहिए कि किसान, युवा, रोजगार या बुनियादी विकास के मामलों में उनकी सरकार का प्रदर्शन हमारे कार्यकाल से बेहतर कैसे था। हम तथ्यों के साथ यह साबित कर सकते हैं कि हमारी सरकार ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व और पारदर्शी काम किया है।

निशुल्क यात्रा और इलाज समेत कई सुविधाएं दीं

●सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कालेजों में किडनी रोगियों का मुफ्त डायलिसिस।

●अग्निवीर को सरकारी नौकरियों की सुविधा।

●हीमोफीलिया और थैलेसीमिया के मरीजों को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन।

●सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों की शहादत राशि एक करोड़ रुपये।

●कर्मचारियों की बीमा और दिव्यांगता बीमा राशि को बढ़ाकर 50 लाख किया।

●मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अयोध्या में मंदिर दर्शन की व्यवस्था।

●वैष्णो देवी और शिरडी यात्रा के साथ बुजुर्गों को निशुल्क प्रयागराज का महाकुंभ स्नान।

●गांवों में 20 वर्ष से अधिक समय से पंचायती जमीन पर बने 500 वर्ग गज तक के मकानों पर काबिज लोगों को मालिकाना हक।



Leave a Comment