Iran US War Again Live: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बड़े पैमाने पर युद्ध का खतरा मंडरा रहा है. होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़े तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान पर लगातार दूसरे दिन हमला किया. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर रविवार शाम से हमले शुरू किए गए. अमेरिका का कहना है कि इन हमलों का मकसद ईरान की उन सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना है, जिनका इस्तेमाल होर्मुज से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों और नागरिक नाविकों को निशाना बनाने में किया जा रहा है. ये हमले तीन घंटे से ज्यादा समय तक चलता रहा. इस बीच ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि दक्षिणी ईरान के फारुर द्वीप पर हुए एक हमले में कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट से जुड़े एक अधिकारी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं.
ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने बताया कि अमेरिकी हमले दक्षिण-पश्चिमी खुजेस्तान प्रांत तक हो रहे हैं. यहां पेट्रोलियम उद्योग के लिए मशहूर अहवाज शहर के आसपास दो जगहों को निशाना बनाया गया. बाद में अहवाज के उत्तर में स्थित अंदीमेश्क इलाके में भी एक और हमले की सूचना मिली. स्थानीय प्रशासन के मुताबिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
हमलों में जिस फारुर द्वीप का नाम सामने आया है, वह ईरान के होर्मोजगान प्रांत में बंदर लेंगेह के पास स्थित है. यह द्वीप दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य के बेहद करीब है. दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल का समुद्री निर्यात होर्मुज के रास्ते से गुजरता है. यही वजह है कि फारुर पर ईरान के सर्विलांस सिस्टम, सैन्य ठिकाने और समुद्री सुरक्षा नेटवर्क मौजूद हैं. मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक रविवार शाम हुए हमले में कम्युनिकेशन से जुड़े एक अधिकारी की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हुए. हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है.
ईरान ने खाड़ी के कुछ देशों पर आरोप लगाया कि उनकी जमीन और सैन्य बेस का इस्तेमाल ईरान पर हमलों में किया गया. ईरान ने चेतावनी दी कि अगर किसी देश की जमीन से हमला किया गया तो उसे भी जवाबी कार्रवाई के लिए वैध लक्ष्य माना जाएगा.
Iran-US War Live: बहरीन ने ईरानी हमलों को किया नाकाम
बहरीन ने दावा किया है कि उसने ईरान की ओर से किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों को अपनी वायु रक्षा प्रणाली की मदद से नाकाम कर दिया. बहरीन की सेना ने आरोप लगाया कि ईरान ने जानबूझकर नागरिकों और निजी संपत्तियों को निशाना बनाने की कोशिश की. सेना ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सभी सैन्य इकाइयों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं मिसाइल या ड्रोन का मलबा दिखाई दे तो उसके पास न जाएं और तुरंत अधिकारियों को इसकी जानकारी दें. बहरीन की सेना ने कहा कि उसके जवान पूरी तरह सतर्क हैं और देश की सुरक्षा के लिए तैयार हैं.
Iran-US War: ईरान के बंदर अब्बास, केश्म द्वीप में फिर धमाके
ईरान के दक्षिणी शहर बंदर अब्बास और क़ेश्म द्वीप के आसपास एक बार फिर धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं. ईरानी समाचार एजेंसी मेहर के मुताबिक फिलहाल किसी नागरिक के हताहत होने या घरों और व्यावसायिक इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पिछले कुछ दिनों से अमेरिकी सैन्य बल ईरान के दक्षिणी तटीय इलाकों पर हमले कर रहे हैं. इन हमलों में कई मछुआरों और देश की रक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
Iran-US War Live: हम पर कोई नहीं लगा सकता सीजफायर तोड़ने का आरोप: ईरानी विदेश मंत्रालय
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा है कि अमेरिका के साथ हुए समझौता ज्ञापन के तहत ईरान ने अपनी सभी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी से निभाई हैं. उन्होंने कहा कि कोई भी ईरान पर अपने वादों से पीछे हटने का आरोप नहीं लगा सकता. बघेई के मुताबिक समझौते में दोनों देशों की जिम्मेदारियां साफ तौर पर तय थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ने अलग-अलग बहाने बनाकर इस समझौते के कई हिस्सों का उल्लंघन किया है. उनका कहना था कि इसके पर्याप्त दस्तावेजी सबूत मौजूद हैं, जो साबित करते हैं कि समझौते की शर्तों का उल्लंघन दूसरी ओर से किया गया.
US-Iran Conflict Live: ईरान ने लिंडसे ग्राहम की मौत पर की तीखी टिप्पणी
ईरान ने अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम की मौत के एक दिन बाद उन पर तीखी टिप्पणी की है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि ईरानी लोग ऐसे व्यक्ति के लिए शोक नहीं मनाएंगे, जिसकी सोच आक्रामकता और धमकी पर आधारित थी. उन्होंने ग्राहम को दुर्भावनापूर्ण और गुस्सैल स्वभाव का बताया. बघाई ने कहा कि ग्राहम हमेशा ईरान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते रहे और अमेरिका-इजरायल की सैन्य कार्रवाई का समर्थन करते थे. वहीं, ईरान के सरकारी टीवी चैनलों पर भी कई एंकरों ने ग्राहम की मौत पर ऐसी ही कड़ी प्रतिक्रियाएं दीं.
US-Iran Conflict Live: खाड़ी देशों और जॉर्डन में एयर डिफेंस अलर्ट, कई हवाई खतरों को रोका गया
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: अमेरिका के ईरान पर हमलों के बाद खाड़ी देशों और जॉर्डन में एयर डिफेंस सिस्टम पूरी रात सक्रिय रहे. कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में कई हवाई खतरों को इंटरसेप्ट किया गया. बहरीन में तीन बार एयर रेड सायरन बजे. गृह मंत्रालय ने लोगों से घरों के अंदर रहने और खुले इलाकों से दूर रहने की अपील की. कुवैत की सेना ने कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम “दुश्मन के हवाई लक्ष्यों” को निशाना बना रहे हैं. वहीं जॉर्डन ने दावा किया कि उसने ईरान की ओर से दागी गई कम से कम 4 मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया.
US-Iran Conflict Live: होर्मुज से जहाजों की आवाजाही 5 हफ्ते के सबसे निचले स्तर पर
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पर भी दिख रहा है. शिपिंग डेटा के मुताबिक, यहां से गुजरने वाले जहाजों की संख्या पिछले 5 हफ्तों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है. रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को सिर्फ 6 जहाज होर्मुज से गुजरे. इनमें ईरानी तेल और कुवैत के पेट्रोलियम उत्पाद ले जा रहे टैंकर भी शामिल थे. वहीं तीन खाली तेल टैंकर खाड़ी क्षेत्र में तेल लोड करने के लिए पहुंचे. इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि होर्मुज का रास्ता वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुला है. दूसरी ओर ईरान ने कहा था कि उसने बिना अनुमति तय रूट से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाज के बाद जलडमरूमध्य बंद कर दिया है.
US-Iran Conflict Live: होर्मुज संकट से खाड़ी देशों के तेल निर्यात पर असर
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव का असर खाड़ी देशों के तेल और गैस निर्यात पर पड़ने लगा है. इस रास्ते से दुनिया के करीब 20 फीसदी तेल और गैस की सप्लाई होती है. तनाव बढ़ने से वैश्विक ऊर्जा बाजार भी दबाव में है. यूरोप, एशिया और अफ्रीका तक पहुंचने वाली सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता कर रहे कतर और ओमान भी तनाव की चपेट में आ गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी हमलों के बाद ओमान ने ईरान के राजदूत को तलब किया है. वहीं कतर ने कहा कि ऐसे हमले शांति और बातचीत की कोशिशों को कमजोर करते हैं
US-Iran Conflict Live: ईरान ने बंदर अब्बास के पास अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का किया दावा
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि बंदर अब्बास के पास एक अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह ‘Lucas’ नाम का अमेरिकी निर्मित आत्मघाती ड्रोन था. ईरान ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने ड्रोन को सटीक निशाना बनाकर नष्ट कर दिया. हालांकि, इस दावे की अमेरिका की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
US-Iran Conflict Live: ईरान ने ओमान और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर फिर हमले का दावा किया
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: ईरान के IRGC ने दावा किया है कि जवाबी अभियान के पांचवें चरण में ओमान और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया. IRGC के मुताबिक, बहरीन के जुफैर इलाके में अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए. वहीं ओमान में लंबी दूरी के एयर सर्विलांस रडार और जहाजों की निगरानी करने वाले रडार सिस्टम को भी निशाना बनाया गया. ईरान ने इन रडार सिस्टम के नष्ट होने का दावा किया है. IRGC ने कहा कि होर्मुज में जहाजों का आवागमन तभी बहाल होगा, जब अमेरिका अपने सैन्य हस्तक्षेप बंद करेगा.
US-Iran Conflict Live: ईरान ने कुवैत में HIMARS लॉन्चरों को निशाना बनाने का किया दावा
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: ईरान के IRGC ने दावा किया है कि उसने जवाबी कार्रवाई के चौथे चरण में कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया है. IRGC के मुताबिक, हमले में अमेरिकी HIMARS मिसाइल लॉन्चर और मिसाइल भंडारण केंद्रों को निशाना बनाया गया. संगठन ने दावा किया कि दो HIMARS लॉन्चर और हथियारों के गोदाम पूरी तरह तबाह हो गए. हालांकि, इस दावे की अमेरिका या कुवैत की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
US-Iran Conflict Live: लंबी जंग से दोनों पक्षों को भारी नुकसान
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: क्विंसी इंस्टीट्यूट के उपाध्यक्ष त्रिता पारसी का कहना है कि अमेरिका और ईरान में भरोसे की कमी जरूर है, लेकिन दोनों देश लंबी जंग का बोझ नहीं उठा सकते. पारसी के मुताबिक, दुनिया में कच्चे तेल का भंडार पहले से कम है. अमेरिकी रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व भी निचले स्तर पर है. ऐसे में अगर संघर्ष लंबा चला तो वैश्विक तेल संकट और गहरा सकता है. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि अमेरिका समय के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की क्षमता को कमजोर कर सकता है. लेकिन इसमें कितना समय लगेगा और तब तक तेल बाजार को कितना नुकसान होगा, यही सबसे बड़ी चुनौती है.
US-Iran Conflict Live: खाड़ी देशों में अलर्ट, कई जगह बजे सायरन
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: अमेरिका के ताजा हमलों के बाद पश्चिम एशिया के कई देशों में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है. बहरीन में एयर अटैक के सायरन बजाए गए. गृह मंत्रालय ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और खुले इलाकों से दूर रहने की अपील की. इसके बाद ईरान के IRGC ने शेख ईसा एयरबेस को निशाना बनाने का दावा किया. जॉर्डन में भी सायरन बजे. ईरान ने दावा किया कि उसने वहां ईंधन डिपो और गोला-बारूद भंडारण केंद्रों को निशाना बनाया. वहीं कुवैत की सेना ने कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम हवाई खतरों को इंटरसेप्ट कर रहे हैं. सेना ने लोगों से तेज धमाकों की आवाज से घबराने की बजाय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की. ईरान ने कुवैत के अली अल सलेम एयरबेस के रडार और एयर डिफेंस सिस्टम पर हमला करने का दावा किया है.
US-Iran Conflict Live: जॉर्डन ने 4 ईरानी मिसाइलें हवा में मार गिराईं
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: जॉर्डन की सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान की ओर से दागी गई 4 मिसाइलों को अपने हवाई क्षेत्र में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया. इससे पहले ईरान के IRGC ने दावा किया था कि उसने जॉर्डन के प्रिंस हसन एयरबेस को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया है. IRGC ने ईंधन डिपो और गोला-बारूद भंडारण केंद्रों को नुकसान पहुंचाने का भी दावा किया था. हालांकि, जॉर्डन ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने सभी मिसाइलों को समय रहते रोक दिया. नुकसान को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
US-Iran Conflict Live: अमेरिका-ईरान तनाव से उछले कच्चे तेल के दाम
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर दिखने लगा है. अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 4 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 79.17 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई. यह 22 जून के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ता है, तो कच्चे तेल की कीमतों में आगे भी तेजी देखने को मिल सकती है.
US-Iran Conflict Live: कुवैत में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव, हवाई खतरों को किया जा रहा इंटरसेप्ट
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: कुवैत की सेना ने कहा है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम देश के हवाई क्षेत्र में मौजूद ‘दुश्मन के हवाई लक्ष्यों’ को इंटरसेप्ट कर रहे हैं. कुवैत सेना के जनरल स्टाफ ने बताया कि सुनाई दे रहे धमाके एयर डिफेंस सिस्टम की कार्रवाई का हिस्सा हैं. सेना ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें और अफवाहों से बचें.
Iran Attack US Bases Live: ईरानी सेना का दावा- क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन हमले जारी
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: ईरानी सेना ने दावा किया है कि क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर उसके ड्रोन हमले लगातार जारी हैं. सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, ईरानी सेना ने कुवैत में अमेरिकी रक्षा प्रणाली, मिसाइल सिस्टम, बंकर और सैन्य शेल्टरों को निशाना बनाने का दावा किया है. ईरानी सेना ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के सैन्य ठिकानों और नागरिक ढांचे पर हमले कर संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन किया है. सेना ने चेतावनी दी कि देश की संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे.
US-Iran Conflict Live: बहरीन में फिर बजे हवाई हमले के सायरन
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: बहरीन में एक बार फिर हवाई हमले के सायरन बजाए गए हैं. देश के गृह मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है. गृह मंत्रालय ने कहा कि नागरिक और निवासी घबराएं नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें. यह कुछ ही घंटों में बहरीन में सायरन बजने की एक और घटना है. फिलहाल खतरे की प्रकृति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
US-Iran Conflict Live: ईरान का दावा- जॉर्डन, कतर, बहरीन और कुवैत में अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के IRGC ने दावा किया है कि उसने खाड़ी क्षेत्र में कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बड़े हमले किए हैं. IRGC का कहना है कि जॉर्डन के प्रिंस हसन एयरबेस पर ईंधन टैंक और मिसाइल डिपो को निशाना बनाया गया. बहरीन में अमेरिकी ड्रोन कमांड सेंटर पर भी हमला करने का दावा किया गया है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सैटेलाइट तस्वीरों में जॉर्डन के एयरबेस पर MQ-4C Triton ड्रोन का हैंगर तबाह होने, कतर के अल उदैद एयरबेस के एक हैंगर को नुकसान, बहरीन में अमेरिकी 5वें बेड़े के स्टोरेज एरिया पर हमला और कुवैत के एक पूर्व संयुक्त राष्ट्र बेस पर आग दिखाई दे रही है.
Iran’s strikes on US facilities in the Persian Gulf, seen in low-res satellite imagery:
— MQ-4C Triton drone hangar destroyed at Prince Hassan Air Base, Jordan.
— Hangar damaged at Al-Udeid Air Base, Qatar.
— Hit on a storage facility at US 5th Fleet HQ in Bahrain.
— Fire at… pic.twitter.com/55Cce1wSfh
— Clash Report (@clashreport) July 12, 2026
US-Iran Conflict Live: बंदर अब्बास में जोरदार धमाके, अमेरिकी हमलों के बीच बढ़ा तनाव
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, दक्षिणी प्रांत होर्मोजगान के बंदर अब्बास शहर में पिछले एक घंटे के दौरान कम से कम दो जोरदार धमाके सुनाई दिए हैं. ये धमाके ऐसे समय हुए, जब अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान पर अपने नए हमलों का दौर पूरा होने की घोषणा की है. फिलहाल धमाकों के कारण, नुकसान या हताहतों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
US-Iran Conflict Live: अमेरिकी एयरस्ट्राइक में ईरान का अघाजारी एयरपोर्ट निशाने पर
BREAKING: The Aghajari Oil and Gas Airport in Omidiyeh, Iran, has been hit by US airstrikes.
Almost all cities in Khuzestan Province have been struck in the past three hours. pic.twitter.com/Psz1mUiOLW
— The Hormuz Letter (@HormuzLetter) July 13, 2026
अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी हवाई हमलों में ईरान के ओमीदियेह स्थित अघाजारी ऑयल एंड गैस एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया है. इन रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि पिछले तीन घंटे में खुजेस्तान प्रांत के कई शहरों में हमले हुए हैं. हालांकि, इन दावों की अभी तक किसी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है.