मौसम विभाग के मुताबिक पांच मौसमी सिस्टमों की वजह से पूरे देश में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। उत्तर प्रदेश, दिल्ली से लेकर बंगाल तक झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ों में भूस्खलन की आशंका है।
मॉनसून इन दिनों पूरे देश में अपना रंग दिखा रहा है। उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। मौसम विभाग का कहना है कि 20 जुलाई के बाद से एक बार फिर मॉनसून पूरे प्रदेश को तर कर सकता है। हालांकि अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक एक साथ सक्रिय हुए पांच चक्रवाती सिस्टम की वजह से एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इनकी वजह से पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और राजधानी दिल्ली में तूफानी बारिश की संभावना है। भारी बारिश की वजह से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका है।
आज से इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
दो-तीन दिन के ब्रेक के बाद कम से कम 20 राज्यों में झणाझम बारिश होने जा रही है। इसके अलावा मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन दिनों मध्य पाकिस्तान पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है। उत्तर-पश्चिम बिहार से लेकर मणिपुर तक एक टर्फ लाइन फैली है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। ये सारे मौसमी सिस्टम देश के बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश करवा सकते हैं।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में 14 जुलाई से मौसम करवट ले सकता है। मंगलवार को तेज आंधी के साथ बारिश काअलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक रह सकता है। आंधी-तूफान की वजह से पेड़ गिरने की भी संभावना है। खराब मौसम के दौरान लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।
यूपी का मौसम, होने वाली है झमाझम बारिश
उत्तर प्रदेश में इन दिनों कई इलाकों में बारिश कम हो रही है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि 14 से 20 तारीख तक कई इलाकों में तेज बारिश होगी। वहीं 20 तारीख के बाद मॉनसून एक बार फिर अपना रंग दिखा सकता है। फिलहाल मेरठ, नोएडा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, रायबरेली, वाराणसी, मिर्जापुर, गोंडा, अयोध्या, कुशीनगर, गाजीपुर, देवरिया, बांदा, भदोही, श्रावस्ती, संतकबीरनर और सिद्धार्थ नगर में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है।
बिहार और झारखंड का मौसम
बिहार के पटना, सिवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मधुबनी, पूर्णिया, दरभंगा, किशनगंज, सुपौल और कटिहार में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा झारखंड में 14 से 16 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। हजारीबाग, बोकारो, रांची, पलामू, गिरिडीह, खूंटी, गुमला, साहेबगंज, सरायकेला और लोहरदगा में भारी बारिश हो सकती है। साथ ही 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में मूसलाधार बारिश
बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में तूफानी बारिश की संभावना है। इसके अलावा जलपाइगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, बांकुड़ा, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग और कोलकाता में तेज बारिश हो सकती है। यहां 60 से 70 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ी राज्यों का मौसम
मौसम विभाग ने पहाड़ों में भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक उत्तराखंड के चमोली, बागेश्वर , देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में तेज बारिश हो सकती है। यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, मंडी, शिमला, चंबा, सिरमौर और बिलासपुर में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर के पुंछ, कठुआ, जम्मू, रियासी, उधमसिंहनगर, कुपवाड़ा, अनंतनाग, गांदरबल, बडगाम और राजौरी में भारी बारिश की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा को भी राहत
अगले 24 से 48 घंटे में पंजाब और हरियाणा में भी बारिश हो सकीत है। पंजाब के बरनाला, बठिंडा, गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला और संगरूर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसक अलावा हरियाणा में बादल छाए रहेंगे और दिल्ली के आसपास के इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है।