Today Weather: बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर बन रहा है, जिसके कारण मानसून को भी रफ्तार मिल रही है। अब मौसम विभाग ने देश के 22 राज्यों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, कम दबाव का यह क्षेत्र अगले दो दिनों में और मजबूत होकर उत्तर ओडिशा और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ सकता है। दूसरी ओर, पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले सात दिनों तक और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है। IMD के अनुसार, मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बना हुआ है, जबकि पूर्वी सिरा सामान्य स्थिति के करीब है। यही स्थिति पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में बारिश को बढ़ावा दे रही है।
मानसून को मिली रफ्तार
IMD के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका सबसे अधिक है।
किन 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD ने जिन 22 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, झारखंड, महाराष्ट्र शामिल हैं।
दिल्ली में जारी किया गया येलो अलर्ट
- दिल्ली के कुछ इलाकों में बुधवार तड़के हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे मिली राहत बेहद कम समय तक रही और उमस भरी गर्मी लौट आई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘बृहस्पतिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है क्योंकि दिल्ली के कुछ हिस्सों में अत्यधिक गर्म और उमस रहने का अनुमान है।’ हालांकि राज्य में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?
- पूर्वी उत्तर प्रदेश: मौसम विभाग के अनुसार, अगले 7 दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 17-21 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश: IMD के अनुसार, 16-18 जुलाई तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। जबकि 19-21 जुलाई के दौरान भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। वहीं गरज-चमक की भी संभावना है।
| शहर | अधिकतम तापमान (16 जुलाई) | न्यूनतम तापमान (16 जुलाई) |
| दिल्ली | 38°C | 31°C |
| मुंबई | 29°C | 27°C |
| चेन्नई | 37°C | 29°C |
| कोलकाता | 31°C | 28°C |
| लखनऊ | 35°C | 29°C |
| पटना | 34°C | 29°C |
| रांची | 31°C | 24°C |
| भोपाल | 33°C | 26°C |
| जयपुर | 37°C | 30°C |
| शिमला | 29°C | 21°C |
| नैनीताल | 26°C | 22°C |
बिहार में भी बारिश का अलर्ट
- मौसम विभाग ने बिहार में 16 से 20 जुलाई के दौरान अधिकांश क्षेत्र में बारिश होने की संभावना जताई है। जबकि 18 से 20 जुलाई के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान गरज-चमक का भी अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
- IMD ने उत्तराखंड में 16 से 21 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। जबकि 20 और 21 जुलाई को भारी बारिश होने का अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट
- मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में आज से लेकर 21 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 16-17 जुलाई मंडी समेत कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। जबकि 18 जुलाई के बाद बारिश का दायरा बढ़ेगा और 20-21 जुलाई को भारी बारिश होने के आसार हैं।
झारखंड में आज कैसा रहेगा मौसम
- मौसम विभाग ने झारखंड में 18 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि 21 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का क्रम जारी रहेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर में आज कैसा रहेगा मौसम?
- मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में हो रही बारिश का दायरा 18 जुलाई से बढ़ेगा। इस दौरान राज्य में 19 से 21 जुलाई के बीच भारी बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
