रोहित शर्मा लेंगे संन्यास? लॉर्ड्स वनडे हो सकता है आखिरी मैच, चयनकर्ता बोले- ‘अब आगे बढ़ने का वक्त’


होमखेलक्रिकेट

रोहित शर्मा लेंगे संन्यास? लॉर्ड्स वनडे हो सकता है आखिरी मैच

Last Updated:

Rohit Sharma Set To Retire: लॉर्ड्स में 19 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला तीसरा वनडे मैच रोहित शर्मा के करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है. बीसीसीआई की चयन समिति और कोच गौतम गंभीर ने रोहित को साफ कर दिया है कि वे 2027 वर्ल्ड कप के लिए शुभमन गिल की कप्तानी में यशस्वी जायसवाल जैसे युवाओं को मौका देकर आगे बढ़ना चाहते हैं. खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित टेस्ट और टी20 से पहले ही संन्यास ले चुके हैं और अब भविष्य का फैसला उनके पाले में है.

रोहित शर्मा लेंगे संन्यास? लॉर्ड्स वनडे हो सकता है आखिरी मैचZoom

रोहित शर्मा तीसरा वनडे खेलने के बाद कर सकते हैं संन्यास का ऐलान.

नई दिल्ली. लॉर्ड्स का ऐतिहासिक मैदान, जहां 19 जुलाई को भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा और अंतिम वनडे मैच खेला जाना है. सीरीज का अंतिम मैच रोहित शर्मा के वनडे करियर का आखिरी मुकाबला साबित हो सकता है. चयन समिति ने पिछले हफ्ते मुख्य कोच गौतम गंभीर की मौजूदगी में रोहित शर्मा से बातचीत की और भविष्य के रोडमैप को उनके सामने रखा. समिति अब 2027 में होने वाले 50 ओवरों के विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम तैयार करना चाहती है. इसके तहत यशस्वी जायसवाल जैसे युवाओं को भरपूर मौके देने की योजना है, जो लंबे समय से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. चयनकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि 2027 विश्व कप की योजनाओं में रोहित शर्मा शामिल नहीं हैं.

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर चयन समिति ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को स्पष्ट कर दिया है कि इस सीरीज के बाद वे उनसे आगे का विचार कर रहे हैं. बोर्ड के एक वरिष्ठ सूत्र ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, ‘चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा को साफ तौर पर बता दिया है कि इंग्लैंड दौरे के बाद वे उनकी योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं और इस सीरीज के बाद टीम आगे बढ़ने जा रही है. हालांकि, रोहित खुद को पूरी तरह फिट करने के बाद खेलना जारी रखना चाहते थे, लेकिन चयनकर्ताओं ने अंतिम फैसला उन्हीं के पाले में छोड़ दिया है कि वे अपने भविष्य की घोषणा कैसे करना चाहते हैं. समझा जाता है कि रोहित शर्मा ने इस मामले को लेकर इंग्लैंड सीरीज के दौरान ही बीसीसीआई के कुछ आला अधिकारियों से भी बातचीत की थी और वे इस फैसले से बिल्कुल खुश नहीं थे.

रोहित शर्मा तीसरा वनडे खेलने के बाद कर सकते हैं संन्यास का ऐलान.

युवाओं को मौका देने की रणनीति
रोहित शर्मा पहले ही खेल के दो प्रारूपों को अलविदा कह चुके हैं. 29 जून 2024 को भारत को टी20 विश्व कप का खिताब जिताने के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. इसके बाद, पिछले साल 7 मई 2025 को इंग्लैंड दौरे पर जाने से ठीक पहले उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा कर दी थी.

टेस्ट क्रिकेट से रोहित के हटने के बाद से ही चयन समिति और टीम प्रबंधन भारतीय क्रिकेट के भविष्य को संवारने और युवाओं को ग्रूम करने में जुट गए थे. इस कड़े फैसले की एक वजह यह भी थी कि यशस्वी जायसवाल जैसे शानदार फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी लगातार शतक बनाने के बावजूद बेंच पर बैठने को मजबूर थे. चयन समिति ने भविष्य की इसी तैयारी के तहत पिछले साल ही रोहित से वनडे की कप्तानी लेकर शुभमन गिल को टीम की कमान सौंप दी थी.

रोहित का बेमिसाल कप्तानी दौर
बतौर वनडे कप्तान रोहित शर्मा का सफर बेहद शानदार और ऐतिहासिक रहा है. उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने 2023 के वनडे विश्व कप के फाइनल तक का सफर तय किया था. इस टूर्नामेंट में शुरुआत से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के रोहित के आक्रामक दृष्टिकोण ने वनडे क्रिकेट में भारत के खेलने के अंदाज को पूरी तरह बदल दिया. उनका यही निडर और बेखौफ टेम्पलेट साल 2024 के टी20 विश्व कप में भी देखने को मिला, जहां उनके नेतृत्व में भारत ने खिताबी सूखा खत्म करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की थी.

फॉर्म में गिरावट बनी वजह
रोहित शर्मा का हालिया फॉर्म उनके पक्ष में नहीं रहा है. इंग्लैंड के इस दौरे पर उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं. सीरीज के शुरुआती मैचों में उन्होंने क्रमश: 11 और 26 रनों की छोटी पारियां खेलीं. कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान साफ दिख रहा था कि रोहित अपने पुराने रंग में नहीं हैं और उन्हें गेंद को बल्ले के बीचों-बीच लेने में काफी संघर्ष करना पड़ रहा था.अब सबकी नजरें 19 जुलाई को लॉर्ड्स के मैदान पर टिकी हैं. यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर यह दिग्गज बल्लेबाज लॉर्ड्स की ऐतिहासिक पिच पर एक यादगार पारी खेलकर अपने सुनहरे वनडे करियर को अलविदा कहता है या नहीं

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें



Leave a Comment