विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में फिफ्टी जड़ कई रिकॉर्ड तोड़े, मगर रिकी पोटिंग का एक रिकॉर्ड ऐसा था जो उन्होंने मैदान पर उतरते ही तोड़ा। हालांकि इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ना नामु्मकिन है।
शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में विराट कोहली ने फिफ्टी जड़ जरूर कई रिकॉर्ड तोड़े, मगर वह भारत को जीत नहीं दिला पाए। कोहली और उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की फिफ्टी के दम पर भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 233 रन बोर्ड पर लगाए, टीम इंडिया ने आखिरी 7 विकेट महज 55 रन के अंदर खोए। 178 के स्कोर पर विराट कोहली को जोफ्रा आर्चर ने आउट किया, इसके बाद पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। 234 रनों का पीछा इंग्लैंड ने 35 गेंदें शेष रहते आसानी से किया। मेजबान टीम की जीत के हीरो जो रूट रहे, जिन्होंने 99 रनों की पारी खेली।
भारत हारा मगर विराट कोहली ने किया कमाल
विराट कोहली ने मैदान पर उतरते ही ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिंकी पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह रिकॉर्ड है सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने का। विराट का यह 561वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था, जबकि पोटिंग ने ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी फॉर्मेट मिलाकर 560 मैच खेले थे। विराट कोहली अब सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके ऊपर तीन श्रीलंकाई और एक भारतीय खिलाड़ी हैं।
सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ना नामुमकिन
विराट कोहली के लिए सचिन तेंदुलकर को इस लिस्ट में पछाड़ पाना नामुमकिन सा है। दरअसल, क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन के नाम सबसे ज्यादा 664 इंटरनेशनल मैच खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। कोहली और सचिन के बीच अभी 103 मैचों का अंतर है। विराट टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट ले चुके हैं। ऐसे में वह मास्टर ब्लास्टर को इस लिस्ट में तो नहीं पछाड़ पाएंगे।
सचिन के नीचे श्रीलंका के तीन लीजेंड महेला जयवर्धने, कुमार संगाकारा और सनथ जयसूर्या मौजूद हैं। जयवर्धने ने 652, संगाकारा ने 594 और जयसूर्या ने 586 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।
क्यों विराट कोहली नहीं तोड़ सकते सचिन तेंदुलकर का यह रिकॉर्ड
विराट कोहली अभी 37 साल के हैं और वह टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट ले चुके हैं। वह सिर्फ वनडे क्रिकेट में ही एक्टिव हैं। अभी उनके 2027 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर चयनकर्ता असमंजस में हैं तो वह आगे कितना ही खेलेंगे। हालांकि विराट कोहली अभी रिटायरमेंट लेने के मूड में नहीं है। वह साफ कर चुके हैं कि वह 2027 का वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं। सचिन तेंदुलकर ने भी 40 की उम्र तक क्रिकेट खेला था। कोहली का करियर अगर अगले साल समाप्त होता है तो वह ज्यादा से ज्यादा 30-35 मैच ही और खेल पाएंगे।