दिग्गज कारोबारी अनिल अग्रवाल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। रविवार को लंदन में विंबलडन का फाइनल देखने के बाद उन्होंने एक ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने युवा पीढ़ी को सफलता का एक मूलमंत्र दिया है।

अग्रवाल ने कहा, ‘विंबलडन की यही बात मुझे हमेशा पसंद आई है। साल बदलते हैं, खिलाड़ी बदलते हैं, लेकिन एक्सीलेंस का बेंचमार्क वही रहता है। कल सालों बाद उसका फाइनल देखने गया, और क्या शानदार मुकाबला था! यानिक सिनर को अपना दूसरा विंबलडन खिताब जीतने पर बहुत-बहुत बधाई। खेल हो या बिजनेस, बड़ी जीत उन्हीं को मिलती है जो अनुशासन, कंसिसटेंसी और लगातार बेहतर बनने की सोच को अपनी आदत बना लेते हैं।’
कितनी है नेटवर्थ?
बिहार में जन्मे अग्रवाल की कंपनी वेदांता का हाल में डीमर्जर हुआ था। उन्होंने काफी कम उम्र में बिहार छोड़ दिया था और खाली हाथ मुंबई आ गए थे। उनके पास उस समय केवल एक टिफिन बॉक्स था। मुंबई में आकर उन्होंने साल 1970 में कबाड़ के धंधे से अपने कारोबारी करियर की शुरुआत की और उसके बाद कई बिजनेस में हाथ आजमाया।
आज उनकी कंपनी वेदांता दुनिया की प्रमुख माइनिंग कंपनियों में शामिल है। फोर्ब्स के मुताबिक अग्रवाल की नेटवर्थ करीब $4.6 अरब डॉलर यानी करीब 44 हजार करोड़ रुपये है और वह भारत के टॉप अमीरों में शामिल हैं। शेयर मार्केट में उनकी कई कंपनियां लिस्टेड हैं। इनमें वेदांता पावर, वेदांता ऑयल एंड गैस, वेदांता एल्युमीनियम, वेदांता आयरन एंड स्टील और हिंदुस्तान जिंक शामिल हैं। हिंदुस्तान जिंक का मार्केट कैप 2.25 लाख करोड़ रुपये है।
