पटना: झारखंड के बाद अब बिहार में भी छात्र आंदोलन की आहट सुनाई देने लगी है. बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का आंदोलन एक बार फिर तेज होने की तैयारी में है. छात्र नेता दिलीप ने TRE 4, BSSC, लाइब्रेरियन, दरोगा और सिपाही भर्ती को लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी 18 अगस्त से पटना के गर्दनीबाग में आमरण अनशन पर बैठेंगे. छात्र नेता ने कहा कि अगर पांच दिनों के अंदर अभ्यर्थियों की मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इसके बाद विधानसभा का घेराव किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं. अब आंदोलन के जरिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा.
बिहार में भर्ती को लेकर फिर गरमाया माहौल
TRE 4 का विज्ञापन जारी करने की मांग
TRE 4 को लेकर अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने TRE 4 का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग की. उनका कहना है कि विज्ञापन सभी रिक्त पदों और सभी विषयों के लिए जारी किया जाना चाहिए. छात्र नेता दिलीप ने कहा कि अभ्यर्थियों ने सरकार से किसी तरह की अधियाचना की मांग नहीं की थी. उनकी मांग सिर्फ TRE 4 का विज्ञापन जारी करने की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री अपने वादे पर खरे नहीं उतरे हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी लंबे समय से विज्ञापन का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में सरकार को बिना देरी किए भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए. अभ्यर्थियों का कहना है कि बड़ी संख्या में पद खाली हैं. इसके बावजूद भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया जा रहा है.
शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के खिलाफ नारेबाजी भी की गई. छात्र नेता ने मंत्री की योग्यता को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री की योग्यता की जांच होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने मंत्री से TRE 4 का विज्ञापन जारी करने की मांग की. दिलीप ने कहा कि अगर सरकार TRE 4 का विज्ञापन जारी नहीं करती है, तो शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को सिर्फ आश्वासन नहीं चाहिए. उन्हें भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट निर्णय चाहिए.
कई भर्ती परीक्षाओं के अभ्यर्थी होंगे शामिल
इस आंदोलन में सिर्फ TRE 4 के अभ्यर्थी ही नहीं हैं. BSSC, लाइब्रेरियन, दरोगा और सिपाही भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को भी बैठक में शामिल किया गया है. छात्र नेताओं का कहना है कि सभी भर्ती प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने की जरूरत है. अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है. भर्ती प्रक्रिया में देरी से उनकी तैयारी और उम्र दोनों प्रभावित हो रही हैं. ऐसे में सरकार को सभी लंबित भर्ती प्रक्रियाओं पर जल्द फैसला लेना चाहिए.
गर्दनीबाग में आमरण अनशन शुरू होगा
छात्र नेता दिलीप ने कहा कि 18 अगस्त से गर्दनीबाग में आमरण अनशन शुरू होगा. पांच दिनों में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो विधानसभा का घेराव किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अब अपने आंदोलन को पीछे नहीं हटाएंगे. उनका मुख्य मुद्दा TRE 4 का विज्ञापन सभी रिक्त पदों और सभी विषयों के साथ जल्द जारी कराना है.