BPSC TRE 4 में कितने पदों पर भर्ती, सम्राट चौधरी ने कर दिया ऐलान; सरकार ने भेजी अधियाचना, Bihar Hindi News


बीपीएससी टीआरई 4 में कितने पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को इसकी घोषणा कर दी। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से बिहार लोक सेवा आयोग को चौथे चरण की टीचर बहारी की अधियाचना भेज दी गई है। जल्द ही टीआरई 4 का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।

बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बीपीएससी टीआरई 4 के तहत होने वाली शिक्षक भर्ती के पदों की संख्या का ऐलान कर दिया है। टीआर 4 में कुल 32388 टीचर की बहाली की जाएगी। सम्राट सरकार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को इसकी अधियाचना भेज दी है। अब आयोग जल्द ही टीआरई-4 परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करेगा। सीएम ने कक्षा वर्ग के अनुसार पदों की संख्या भी बताई है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

BPSC TRE 4 में किस कक्षा के शिक्षकों के कितने पद

  • कक्षा 1 से 5 तक : 3847 पद
  • कक्षा 6 से 8 तक : 8563 पद
  • कक्षा 9 से 10 तक : 3877 पद
  • कक्षा 11 से 12 तक : 16101 पद

बीपीएससी टीआरई 4 परीक्षा का नोटिफिकेशन जल्द

बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जल्द जारी होने वाला है। अगस्त महीने के पहले सप्ताह में टीआरई 4 का विज्ञापन रिलीज होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बिहार लोक सेवा आयोग ने इस भर्ती परीक्षा के संबंध में अपनी तैयारी पूरी कर रखी है। आयोग को सरकार से पदों की अधियाचना मिलने का इंतजार था।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जुलाई महीने में टीआरई 4 परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी होने का पूर्व में दावा किया था। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अधियाचना अभी भेजी गई है, तो इसका नोटिफिकेशन आने में 2-5 दिनों का समय और लग सकता है।

शिक्षक अभ्यर्थियों को लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार

बिहार के सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवा लंबे समय से टीआरई 4 परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। इसका नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर कई बार पटना समेत बिहार के अन्य जिलों में आंदोलन और प्रदर्शन हो चुके हैं। इसके बाद राज्य सरकार ने जुलाई महीने तक भर्ती निकालने का आश्वासन दिया था।

बता दें कि चौथे चरण की शिक्षक बहाली परीक्षा पिछले साल ही आयोजित की जानी थी। मगर विभिन्न कारणों की वजह से इस भर्ती में देरी हुई, जिससे अभ्यर्थियों का सब्र टूटने लगा।

सम्राट सरकार द्वारा बीपीएससी को अधियाचना भेजे जाने के बाद टीचर अभ्यर्थियों को राहत मिली है। अब उन्हें बीपीएससी के नोटिफिकेशन का इंतजार है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद टीआरई 4 परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।



Leave a Comment