Breaking News LIVE Updates: Rajasthan, Delhi, MP, UP, Maharashtra, Mumbai


  • Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates: Rajasthan, Delhi, MP, UP, Maharashtra, Mumbai

38 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स का शुक्रवार को 89 साल की उम्र में निधन हो गया। सोबर्स ने 1954 से 1974 तक वेस्टइंडीज की ओर से 93 टेस्ट मैच खेले।सोबर्स ऑलराउंडर थे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 8,032 रन रन बनाए। गेंदबाजी में 235 टेस्ट विकेट लिए। सोबर्स ने 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 365 रन बनाए, जो उस समय टेस्ट क्रिकेट का विश्व रिकॉर्ड था। यह रिकॉर्ड 36 वर्षों तक कायम रहा, जिसे बाद में ब्रायन लारा ने 375 रन बनाकर तोड़ा। सोबर्स ने टेस्ट में 25 शतक और 30 अर्धशतक बनाए और टेस्ट में 6 बार एक पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

TMC के पूर्व सांसद सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक BJP उम्मीदवार के तौर पर राज्यसभा सांसद चुने गए

TMC के पूर्व सांसद सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बारिक शुक्रवार को पश्चिम बंगाल से BJP उम्मीदवार के तौर पर निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुने गए। पार्टी बदलने के कुछ ही दिनों बाद हुए इस तेजी से बदले घटनाक्रम ने सबको चौंका दिया।

15 जुलाई को नॉमिनेशन पेपर की जांच के बाद मैदान में कोई और उम्मीदवार नहीं बचा था। शुक्रवार को नॉमिनेशन वापस लेने की समय-सीमा खत्म होने के बाद इन तीनों नेताओं को निर्विरोध चुनकर सांसद घोषित कर दिया गया।

रॉय, देव और चिक बराइक 9 जुलाई को कोलकाता में BJP में शामिल हुए थे। इसके कुछ ही घंटों बाद BJP की केंद्रीय चुनाव समिति ने उन्हें 24 जुलाई को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया था।

अमित शाह आज से तीन दिन के बंगाल दौरे पर, सीमा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार रात से पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा, राज्य की कानून-व्यवस्था और नए आपराधिक कानूनों के लागू होने की समीक्षा करेंगे।

साथ ही सिलीगुड़ी और कोलकाता में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। एजेंसी PTI के मुताबिक, यह उनका आधिकारिक दौरा है।

शाह शुक्रवार रात करीब नौ बजे बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से वह BSF के कदमतला स्थित फ्रंटियर मुख्यालय जाएंगे और रात वहीं ठहरेंगे। खबर के मुताबिक, उनका स्वागत पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी करेंगे।

होमवर्क में ‘कलमा’ पढ़ाने का विवाद, हैदराबाद के स्कूल की टीचर को नौकरी से हटाया गया

हैदराबाद के एक निजी स्कूल की शिक्षिका और अन्य के खिलाफ एक हिंदू छात्र को कथित तौर पर इस्लामी धार्मिक प्रथाओं से जुड़ा होमवर्क देने के मामले में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई छात्र की बुआ की शिकायत पर की। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह विवाद 16 जुलाई को सामने आया। चारमीनार जोन के DCP खरे किरण प्रभाकर ने बताया कि शिक्षिका ने 15 जुलाई को दूसरी कक्षा के छात्रों को होमवर्क दिया था कि सभी ‘कलमा’ पढ़ें। उन्होंने कहा कि कक्षा के 25 छात्रों में केवल एक छात्र हिंदू है।

DCP ने कहा कि सभी छात्रों को ‘कलमा’ पढ़ने का निर्देश देना शिक्षा नीति और स्कूल की अपनी नीति, दोनों का उल्लंघन है। विवाद बढ़ने के बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षिका की सेवाएं समाप्त कर दीं।

महाराष्ट्र में प्राइवेट अस्पतालों में भी लागू होंगे इच्छामृत्यु के नियम, लिविंग विल का करना होगा पालन

महाराष्ट्र सरकार ने पैसिव यूथेनेशिया (इच्छामृत्यु) और लिविंग विल से जुड़े नियमों को सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ प्राइवेट अस्पतालों में भी लागू करने का फैसला किया है। इसके लिए सरकार ने ऐसे मामलों के निपटारे हेतु स्पेशल मेडिकल पैनल गठित करने के निर्देश दिया है।

सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार अब प्राइवेट अस्पतालों को भी मरीजों की जीवन के अंतिम चरण में इलाज को लेकर पहले से दर्ज इच्छाओं (लिविंग विल) का सम्मान करना होगा।

सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य एक समान कानूनी व्यवस्था लागू करना और मरीजों के अधिकारों की रक्षा करना है। साथ ही, इससे गरिमा के साथ मृत्यु के अधिकार को सुनिश्चित किया जा सकेगा। इसके अलावा, लाइफ सपोर्ट सिस्टम हटाने जैसे फैसले भी पारदर्शी और तय नियमों के तहत लिए जाएंगे।

कैंसर की दवा पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, महंगी जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता पर केरल हाईकोर्ट से जल्द सुनवाई को कहा

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता और जीवन के अधिकार से जुड़े मामलों में न्यायिक प्रक्रिया की तेजी के मुद्दे पर स्वत: संज्ञान लिया। अदालत ने केरल हाईकोर्ट में लंबित उस मामले पर जल्द सुनवाई सुनिश्चित करने को कहा, जो पेटेंट वाली कैंसर की दवाओं की महंगी कीमतों से जुड़ा है।

सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन की पीठ ने मामले में नोटिस जारी किया। सुप्रीम कोर्ट ने केरल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से कहा कि वहां लंबित याचिका का जल्द निपटारा कराया जाए।

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि केरल हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने वाली महिला की मौत हो चुकी है। वह स्तन कैंसर से पीड़ित थीं और इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की अत्यधिक कीमतों को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट पहुंची थीं। यह याचिका मूल रूप से 2022 में एर्नाकुलम की रहने वाली मरीज ने दायर की थी। इसमें पेटेंट वाली कैंसर की दवाओं की ऊंची कीमतों का मुद्दा उठाया गया था।

गुजरात के राजकोट में सोफा फैक्ट्री में आग लगी, एक की मौत; फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची

गुजरात के राजकोट में हुडको चौकड़ी के पास स्थित एक सोफा फैक्ट्री में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान चेतनभाई सेलदिया के रूप में हुई है। आग लगने के समय वह फैक्ट्री के बाथरूम में फंस गए थे।

फायर ब्रिगेड अधिकारी एम.के. जुनेजा ने बताया कि सुबह 10:14 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर टेंडर और रेस्क्यू टीम मौके पर रवाना की गई। आग सोफा फैक्ट्री में लगी थी, जिस पर अब काबू पा लिया गया है।

IPS अधिकारी अनुराग कुमार दिल्ली के नए कमिश्नर बने, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में डायरेक्टर रह चुके हैं

केंद्र सरकार ने शुक्रवार को आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया है। उन्होंने सतीश गोलचा की जगह ली है, जो अगस्त 2025 से दिल्ली के पुलिस प्रमुख थे।

अनुराग कुमार 1994 बैच के एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और इस शीर्ष पद को संभालने से पहले वे इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर रह चुके हैं।

इस नियुक्ति से ठीक एक दिन पहले, पीएम मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने अनुराग कुमार को उनके मूल एजीएमयूटी कैडर में वापस भेजने (रिपेट्रिएशन) की मंजूरी दी थी।

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाकर्मी से हथियार छीनने की कोशिश, 1 की मौत

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भद्रवाह के में एक गोलीबारी हुई है। यह हादसा तब हुआ जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर सुरक्षाकर्मियों की सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की। इस दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के तीन जवान घायल हो गए हैं।

इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

बंगाल के मुर्शिदाबाद में ट्रेन की स्कूल वैन से टक्कर, 3 की मौत

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन ने एक पूल कार (स्कूली गाड़ी) को टक्कर मार दी। अधिकारियों के मुताबिक, टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई है, जिनमें दो स्कूली छात्र शामिल हैं।

गाड़ी रेलवे ट्रैक को पार करने की कोशिश कर रही थी। टक्कर में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घायलों को तुरंत मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों में से कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। पूरी खबर पढ़ें…

संसद के मानसून सत्र से पहले विपक्षी दलों की बैठक, साझा रणनीति पर चर्चा संभव

संसद के मानसून सत्र से पहले राज्यसभा और लोकसभा में विपक्षी दलों के नेता संयुक्त बैठक करेंगे। इस बैठक में पूरे सत्र के लिए साझा रणनीति तय की जाएगी और केंद्र सरकार के विधायी एजेंडे के साथ विपक्ष जिन मुद्दों को उठाएगा, उन पर चर्चा होगी।

20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलने वाले मानसून सत्र में विपक्ष सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने की तैयारी कर रहा है। वहीं, केंद्र सरकार भी कई महत्वपूर्ण विधेयक संसद में पेश करने की तैयारी में है।

आज से दो दिनों के बंगाल दौरे पर अमित शाह, BSF जवानों से मुलाकात करेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 17 से 19 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस सीमा सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, सुशासन और विकास परियोजनाओं पर रहेगा। मई में राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह उनका पहला बंगाल दौरा होगा।

18 जुलाई को शाह सिलीगुड़ी के जुमागाछ बॉर्डर आउटपोस्ट पहुंचकर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों से मुलाकात करेंगे और BSF की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

वे सीमा से जुड़े मुद्दों और राज्य में लागू नए तीन आपराधिक कानूनों की समीक्षा भी करेंगे। दौरे के आखिरी दिन कोलकाता में कानून-व्यवस्था पर बैठक करेंगे। साथ ही राष्ट्रीय पुस्तकालय में ‘म्यूजियम ऑफ वर्ड्स’ के पहले चरण का उद्घाटन और अमूल डेयरी के दही प्रसंस्करण संयंत्र का शिलान्यास भी करेंगे।

पुणे में ठेकेदार ने की आत्महत्या, पूर्व विधायक समेत 14 लोगों पर केस

महाराष्ट्र के पुणे में 65 साल के ठेकेदार खलील शेख ने गुरुवार को अपने घर में आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड किया और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें पूर्व शिवसेना विधायक रवींद्र धंगेकर, उनकी पत्नी समेत कई लोगों के नाम लिखे।

इसके बाद पुलिस ने धंगेकर, उनकी पत्नी और अन्य 12 लोगों सहित 14 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, खलील शेख ने सुसाइड नोट और वीडियो में आरोप लगाया कि कारोबार में साझेदारों की धोखाधड़ी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। स्वारगेट पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं…



Leave a Comment